असम-मिजोरम सीमा विवाद: विवादित बॉर्डर पर होगी तटस्थ केंद्रीय बलों की तैनाती, बनी सहमति

नई दिल्ली : असम-मिजोरम सीमा की निगरानी की जिम्मेदारी अब केंद्रीय बल संभालेंगे। केंद्रीय गृहसचिव अजय भल्ला के साथ बैठक में दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी इसके लिए सहमत हो गए हैं।

ध्यान देने की बात है कि सोमवार को सीमा पर हुई झड़प में असम पुलिस के पांच जवानों समेत छह लोग मारे गए थे और 50 से अधिक घायल हुए थे।

गृहमंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार असम और मिजोरम के पुलिस महानिदेशकों और मुख्य सचिवों के साथ बैठक में गृह सचिव अजय भल्ला ने साफ कर दिया कि दोनों राज्यों की सीमा पर शांति सर्वोपरि है। विवादित मुद्दों का हल बातचीत से निकाला जाना चाहिए।

दोनों राज्यों के बीच एक दूसरे पर विश्वास की कमी को देखते हुए उन्होंने नेशनल हाइवे 306 से जुड़ी सीमा पर निष्पक्ष पुलिस बल के रूप में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती का प्रस्ताव दिया, जिसे दोनों राज्यों ने स्वीकार कर लिया। केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों के साथ ही उसके एक वरिष्ठ अधिकारी भी सीमा पर तैनात किया जाएंगा।

लगभग ढाई घंटे तक चली बातचीत में सीमा पर केंद्रीय बल की तैनाती के साथ ही दोनों राज्य सरकारों ने आपसी बातचीत से विवाद के समाधान पर सहमति जताई। लेकिन यह साफ नहीं है कि यह बातचीत सीधे दोनों राज्यों के बीच होगी या फिर केंद्रीय गृहमंत्रालय इसकी मध्यस्थता करेगा।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter