पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी और बेटे पर पाक्सो एक्ट की धाराओं में भी केस, मंत्री उपेंद्र तिवारी के परिवार को गाली देने का आरोप

बलिया : जिला पंचायत के चुनाव में इस बार वह हुआ, जो पहले कभी बलिया में नहीं हुआ। अध्यक्ष पद के सपा प्रत्याशी चुनाव जीत गए, लेकिन उन पर अपशब्द बोलने के संगीन आरोप भी लगे।

उप्र के खेल मंत्री उपेन्द्र तिवारी को मतदान के दिन अपशब्द बोले गए। यह हरकत किसी एक सपाई ने नहीं, बल्कि सैकड़ों ने की, अपशब्दों के सरेआम खूब नारे लगे। मामले में पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। शनिवार से अब तक कई कड़े फैसले लिए गए हैं। उन्हें सबक सिखाया जा रहा है, जिन्होंने ऐसी ओछी हरकत की है।

खेल मंत्री उपेन्द्र तिवारी को अपशब्द बोलने के मामले में नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी, उनके पिता पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी समेत 10 सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया। एक के बाद एक ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां भी चल रही हैं। छह थानों की पुलिस के अलावा एसओजी और खुफिया इकाइयों को अलर्ट मोड में रखा गया है। पांच आरोपित सोमवार तक गिरफ्तार कर लिए गए थे। हालांकि उन्हें कोर्ट से जमानत भी मिल चुकी है।

दो आरोपित मंगलवार को पकड़े गए हैं। उन्हें बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। अब तो सभी पर प्रोटेक्शन आफ चाइल्ड फ्राम सेक्सुअल आफेंस (पाक्सो) एक्ट भी लगा दिया गया है।

अभी आरोपित पूर्व मंत्री अंबिका और उनके पुत्र आनंद को शिकंजे में लेना बाकी है। हालांकि, प्रशासन कड़ी सजा देने की मुहिम छेड़ चुका है। पिछले तीन दिनों में पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी भी पलटवार कर चुके हैं, वह मंत्री उपेन्द्र पर भी अपशब्द कहने का संगीन आरोप लगा चुके हैं।

अपशब्दों के तीर ने दोनों तरफ के लोगों को किया घायल जिला पंचायत के अध्यक्ष पद का यह चुनाव लोगों के जेहन में लंबे समय तक रहेगा। कारण, ऐसी घटनाएं घटीं, जो नहीं होनी चाहिए थीं।

नामांकन के बाद से ही सार्वजनिक रूप से दोनों तरफ से अपशब्द बोले गए। खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में भाजपा नेताओं के बीच पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के लिए अपशब्द बोले थे।

इसका भी वीडियो वायरल हुआ था। तीन जुलाई को आए चुनाव परिणाम के बाद स्थिति बिगड़ गई। खेल मंत्री व उनके स्वजन के खिलाफ अपशब्दों भरी नारेबाजी की गई। इसका भी वीडियो वायरल हो गया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter