बालाघाट पुलिस ने किया 20 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग का खुलासा, 300 से ज्यादा मोबाइल हैंडसेट जब्त, 8 गिरफ्तार

रांची : मध्य प्रदेश पुलिस ने लाखों की साइबर धोखाधड़ी मामले में रांची सहित तीन शहरों में छापेमारी की। छापेमारी कर स्थानीय पुलिस के सहयोग से चार साइबर अपराधियों को दबोचा।

इनमें से दो रांची से और जमशेदपुर-देवघर से एक-एक को गिरफ्तार किया गया है। अब तक इस मामले में कुल छह गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इनमें से चार झारखंड से और दो मध्य प्रदेश से हुई हैं।

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कोतवाली थाने की पुलिस ने एक साथ रांची, जमशेदपुर और देवघर में छापेमारी की और साइबर अपराधियों को दबोचा।

जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधियों का एक शातिर गिरोह लोगों के खाते से पैसे गायब कर रहा था। यह गिरोह सबसे पहले आनलाइन कामर्शियल कंपनियों जैसे फ्लिपकार्ट, अमेजन सहित अन्य एप के जरिये मोबाइल की बुकिंग करता था। इसके बाद गिरोह के सदस्य दूसरों के खातों में सेंध लगाकर पेमेंट करते थे। इसके लिए साइबर अपराधी व्यक्ति को फोन कर बताते थे कि उनका बैंक अकाउंट बंद होने वाला है। इसलिए वे जल्द से जल्द उनके मोबाइल नंबर पर जो ओटीपी गया है उसे शेयर करें। ताकि, उनका बैंक खाता अपडेट किया जा सके।

साइबर अपराधियों के जाल में फंस कर जो लोग अपना ओटीपी उन्हें शेयर करते, उसी ओटीपी के जरिये साइबर अपराधी आनलाइन शापिंग के जरिये महंगे मोबाइल खरीद कर खाते से रुपये गायब कर देते थे। पीड़ित के मोबाइल में मैसेज आता कि आनलाइन कंपनी के द्वारा उन्होंने मोबाइल खरीदा है और उसी के एवज में उनके पैसे काटे गए हैं।

मप्र में गिरफ्तारी के बाद रांची, जमशेदपुर और देवघर में छापा जांच के क्रम में यह बात सामने आई कि गिरोह का सरगना संजय महतो देवघर में छुपा हुआ है, वहीं गिरोह के तीन बाकी सदस्य रांची और जमशेदपुर में रहते हैं। मामले की तफ्तीश में सबसे पहले मध्य प्रदेश पुलिस ने मनोज राणा और हुकुम सिंह बिसेन को दबोचा।

इनकी निशानदेही पर पुलिस रांची के अरगोड़ा थाना पहुंची। जहां अरगोड़ा थाना प्रभारी विनोद कुमार के सहयोग से संत फ्रांसिस स्कूल के पीछे रहने वाले प्रभात कुमार और पटेल चौक अरगोड़ा निवासी सुशांत कुमार को दबोचा। दोनों से पूछताछ करने के बाद देवघर से संजय महतो और जमशेदपुर से विकास को गिरफ्तार किया गया। –

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter