बिहार में दो नाव दुर्घटनाओं में छह बच्चे समेत आठ की मौत, गोपालगंज और भागलपुर में हुए हादसे

पटना : बिहार में दो नाव दुर्घटनाओं में छह बच्चे समेत आठ लोगों की डूबने से मौत हो गई। पहली घटना गोपालगंज जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र में भोज छापर गांव के पास सोमवार को नारायणी नदी में हुई। जहां नाव पलटने से तीन बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई।

जबकि दो अन्य लापता हो गए। वहीं दूसरी दुर्घटना भागलपुर जिले कहलगांव में सोमवार की देर शाम हुई, जहां नाव के पलटने से तीन बच्चे सहित चार लोग डूब गए। जबकि, 11 लोगों को दूसरे नाव के नाविकों ने बांस के सहारे बचा लिया। बताया गया कि गोपालगंज जिले के भोजछापर में नाव पर सवार सभी लोग कर्तानाथ मंदिर के पास लगे मेले को देखने आ रहे थे। लापता हुए दो लोगों में एक चार साल की लड़की सृष्टि भी है।

विदित हो कि रामेश्वर कर्तानाथ मंदिर भोजछापर में सावन महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल चढ़ाने के लिए आते हैं। सोमवार की दोपहर करीब दो बजे पांच लोगों की क्षमता वाली नाव पर एक दर्जन लोग सवार हो गए। इनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि नाव धीरे-धीरे घाट के किनारे आ रही थी। इस दौरान जल्दबाजी में उतरने की कोशिश में नाव असंतुलित होकर पलट गई। इसमें कुछ लोग तैरकर बाहर निकल गए। जबकि छह लोग पानी में डूबने लगे।

इनमें से चार लोगों को पानी से स्थानीय लोगों ने निकालकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचायकोट भेजा। जिन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं कहलगांव में नाव गंगा पार से रानीदियारा घाट आ रही थी। नाव पर पांच गायें भी थीं। नाव पर कितने लोग सवार थे, इसकी सही जानकारी नहीं मिल पाई है।

किंतु, लोगों ने बताया कि ओवरलोड नाव पर ग्रामीणों के अलावा अनाज, घास आदि सामान भी लदे हुए थे। बताया गया कि ओवरलोड नाव जैसे ही तेज धारा में आई, डगमगाने लगी और धीरे-धीरे गंगा में डूब गई। बचाओ-बचाओ की आवाज सुन नाविकों ने कई नावों को खोलकर 11 लोगों को बचा लिया। पंचायत समिति प्रतिनिधि कन्हैयालाल सिंह ने तीन बच्चों के डूबने की बात कही है। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter