छत्तीसगढ़ विधानसभा उपाध्यक्ष ने पंडोखर धाम पहुंचकर लिया आशीर्वाद, हाथीवान महाराज के किए दर्शन

Datia News : दतिया । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी ने मंगलवार को पण्डोखर धाम पहुंचकर त्रिकालदर्शी संत गुरुशरण महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। पण्डोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक मुकेश गुप्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ विस उपाध्यक्ष मंडावी पण्डोखर धाम से कई वर्षों से जुड़े हुए हैं।

वह गुरुशरण महाराज के शिष्य भी हैं। जो अमावस्या पर्व पर पंडोखर सरकार के दर्शन के लिए धाम पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने बरहा धाम पहुंचकर श्रीहाथीवान जी महाराज के भी दर्शन किए। इस दौरान मांडवी ने संत गुरुशरण महाराज से आध्यात्मिक चर्चा भी की।

गौरतलब है कि पंडोखर धाम पर हर अमावस्या पर विशेष दरबार का आयोजन होता है। जिसमें काफी संख्या में बाहर से श्रद्धालुजन पहुंचकर अपनी दैहिक व दैविक समस्याओं के बारे में संत गुरुशरण महाराज से मिलकर मुक्ति पा जाते हैं। दरबार के दौरान संत गुरुशरण महाराज पीड़ित को पर्ची पर लिखकर उसकी समस्याएं बताने के साथ उसके निदान के बारे में भी जानकारी देते हैं।

यह क्रम कई वर्षों से निरंतर चला आ रहा है। पंडोखर धाम के प्रति लोगों की अगाध आस्था के कारण अमावस्या को लगने वाले दिव्य दरबार में हजारों की संख्या में लोग शामिल होते हैं। वर्तमान में कोरोना काल की गाइड लाइन के तहत ही धाम पर आयोजन किए जा रहे हैं।

कोरोना से राहत के लिए भी धाम पर हुआ था अनुष्ठान

पंडोखर धाम में कोरोना महामारी से राहत के लिए भी संत गुरुशरण महाराज के सानिध्य में विशेष श्रीराम महायज्ञ के अनुष्ठान का भी आयोजन किया गया था। जहां उस दौरान हर रोज विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यज्ञ में नियमित आहूतियां देकर अनुष्ठान पूर्ण कराया गया। उस समय भी संत गुरुशरण महाराज ने यज्ञ के बाद कोरोना से राहत मिलने की भविष्यवाणी की थी।

गृहस्थ संत के रूप में रखते हैं पहचान

पंडोखर महंत गुरुशरण महाराज गृहस्थ संत के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। उनको हाल ही में पुत्ररत्न की भी प्राप्ति हुई। जून माह में गृहस्थ संत को पुत्ररत्न की प्राप्ति पर उनके शिष्यों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य जनों ने अपनी शुभकामनाएं दी थी। संत गुरुशरण महाराज समय-समय पर सामाजिक सरोकार के कार्यों में भी रुचि लेकर आम लोगों के सहयोग के लिए अग्रसर रहते हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter