ज्योतिरादित्य सिंधिया की मोदी केबिनेट में जल्दी हो सकती है एंट्री, रेल या मानव संसाधन विभाग मिलने की चर्चाएं गर्म

Bhopal News : भोपाल । भाजपा राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia)  को मोदी केबिनेट में शामिल किए जाने की लगभग तैयारी कर ली गई है। पिछले कई दिनों से इस बात की चर्चा थी कि सिंधिया को मोदी सरकार में जल्दी ही जगह मिल सकती है। लेकिन कोरोना का कहर बढ़ जाने के कारण यह मामला कुछ दिन के टल गया। अब फिर से इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में हवा गर्म है। वैसे भी कहा जा रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को मप्र में भाजपा को सिंहासन तक वापिस पहुंचाने का तोहफा मिलना तो निश्चित था।

राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) को जल्द ही केंद्रीय कैबिनेट में एंट्री मिलना करीब-करीब तय है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने अपने कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं, जिसमें सिंधिया को भी जगह दी जाएगी। संभावना है कि उन्हें रेल या मानव संसाधन जैसा महत्वपूर्ण विभाग दिया जा सकता है।

सिंधिया-समर्थक एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि मोदी कैबिनेट का इसी महीने विस्तार होने वाला है। इसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia)  को शामिल किया जाना लगभग तय है। उन्होंने दावा किया कि सिंधिया को रेल मंत्रालय मिल सकता है। एक्टिव मंत्री की उनकी छवि को देखते हुए सिंधिया को मानव संसाधन या शहरी विकास मंत्रालय भी दिया जा सकता है।

करीब 15 महीने पहले सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थामा था। उनके दलबदल से मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिर गई थी। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान नए मुख्यमंत्री बने और सिंधिया-समर्थक विधायकों को अपनी कैबिनेट में शामिल किया गया था। तभी से सिंधिया को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने की चर्चाएं भी चल रही हैं।

मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के बाद केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की तैयारी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक की है। माना जा रहा है कि फेरबदल में कुछ युवा चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। सिंधिया के साथ दो पूर्व मुख्यमंत्रियों महाराष्ट्र के देवेंद्र फड़नवीस और असम के सर्वानंद सोनोवाल को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलना करीब-करीब तय माना जा रहा है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया  (Jyotiraditya Scindia) इससे पहले दो बार केंद्रीय कैबिनेट का हिस्सा रह चुके हैं। मनमोहन सिंह की कैबिनेट में उन्हें साल 2007 में पहली बार केंद्रीय सूचना और प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री बनाया गया था। 2009 में उन्हें वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में राज्यमंत्री के रूप में फिर से कैबिनेट में जगह मिली थी।

ज्योतिरादित्य के पिता माधवराव सिंधिया(Madhavrao Scindia)  भी केंद्रीय कैबिनेट में रेल और मानव संसाधन मंत्री रहे थे। माधवराव 1986 से 1989 तक राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) की कैबिनेट में रेल मंत्री रहे थे। 1995-96 में पीवी नरसिम्हा राव की कैबिनेट में मानव संसाधन विकास मंत्री बनाया गया था।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter