नाम बदलकर रिटायर्ड IAS की बेटी को जाल में फंसाकर की शादी, फिर धर्म बदलने के लिए की मारपीट

आगरा : आगरा में लव जिहाद का हाई प्रोफाइल मामला सामने आया है। लखनऊ के मुस्लिम युवक ने नाम बदलकर रिटायर्ड आइएएस अधिकारी की विधवा बेटी से 2010 में आर्य समाज पद्धति से शादी कर ली। एक साल बाद असलियत सामने आने पर दबाव बनाकर उसका अजमेर में मतांतरण करा दिया।

साथ ही शादी के ग्यारह वर्ष तक पत्नी का उसके पूर्व पति के होटल में रहकर शारीरिक व मानसिक शोषण करता कहा। शनिवार को मारपीट करने पर पीड़िता ने सदर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। महिला के चाचा उप्र पुलिस विभाग में उच्च पद पर रहे हैं, वर्तमान में राजनीतिज्ञ हैं।

महिला की पहले आगरा के एक प्रतिष्ठित परिवार में शादी हुई थी। 2005 में उसके पति की मृत्यु हो गई। इसके बाद महिला ससुर व बेटी के नाम होटल को संचालित करने लगी। महिला के पिता का भी देहांत हो चुका है।

दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, महिला को 2010 में लखनऊ में आयोजित एक पार्टी में जाना पड़ा था। जहां उसकी मुलाकात लखनऊ निवासी आरिफ हाशमी से हुई थी। आरिफ ने अपना नाम आदित्य आर्य और खुद को टिंबर का बड़ा कारोबारी बताया और महिला को अपने साथ कारोबार करने का झांसा दिया।

इसी बहाने वह आगरा में महिला के घर आने लगा। एक दिन किसी पार्टी में आरोपित ने योजनाबद्ध तरीके से ऐसी फोटो खिंचवा ली, जिसमें वह महिला की मांग भरता प्रतीत हो रहा है। इस फोटो से बदनाम करने का डर दिखाकर वह समय-समय पर धन ऐंठने लगा।

आरोपित ने दबाव बनाकर महिला से आर्यसमाज पद्धति से शादी कर ली। एक वर्ष बाद असली नाम आरिफ हाशमी पता चलने पर आरोपित ने महिला से भी मतांतरण करने को कहा। घर में रखा मंदिर भी फेंक दिया। शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करता रहा।

दबाव बनाकर अजमेर ले जाकर मतांतरण करा लिया और महिला का नाम आइशा हाशमी रख दिया। आरिफ से शादी होने के बाद भी महिला आगरा में पूर्व ससुराल में रहती रही। उसके साथ आरिफ भी होटल में ही रहने लगा।

आरिफ ने महिला से होटल से होने वाली कमाई भी हड़प ली और महिला को यातनाएं देने लगा। महिला की लखनऊ में रहने वाली मां को जान से मारने की धमकी देता था। शनिवार को मारपीट करने पर महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस ने दुष्कर्म, धोखाधड़ी, विधि विरुद्ध धर्मांतरण प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्जकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर सदर अजय कौशल ने बताया कि आरोपित को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। 

आरिफ का उमर गौतम से कनेक्शन तलाश रही एटीएस रिटायर्ड आइएएस अधिकारी की बेटी को लव जिहाद के जाल में फंसाने वाला आरिफ हाशमी कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुका है।

वह नाम बदलकर शादी करता था, फिर युवती का मतांतरण करा देता था। गोरखपुर और आगरा के दो मामले सामने आ चुके हैं। कई अन्य युवतियों के भी इसके जाल में फंसने की आशंका है।

मतांतरण का गैंग चलाने वाले उमर गौतम से कनेक्शन की आशंका पर आरिफ से एटीएस की टीम ने भी सदर थाने में पूछताछ की। अभी उसके बारे में और छानबीन की जा रही है।

मूलरूप से गोरखपुर निवासी आरिफ हाशमी ने पुलिस को बताया कि 25 वर्ष पहले उसने गोरखपुर की हिंदू युवती से राणा सिंह बनकर दोस्ती की थी। उससे आर्य समाज पद्धति से शादी कर ली। युवती का मतांतरण करा दिया। बेटा पैदा होने पर उसका नाम अजमत हाशमी रखा।

छह वर्ष बाद युवती को तलाक दे दिया। गोरखपुर में उसकी मां का इंतकाल हो चुका है। सौतेले पिता व अन्य स्वजन रहते हैं। स्वजन से विवाद होने पर आरिफ खुद लखनऊ आकर रहने लगा।

उसने पुलिस को बताया कि पहली पत्नी से तलाक होने के बाद आगरा की होटल संचालिका और रिटायर्ड आइएएस अधिकारी की बेटी को उसने लखनऊ में एक पार्टी में आदित्य आर्य बनकर जाल में फंसाया। दोस्ती की फिर 2010 में आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। अभी आरिफ ने केवल दो युवतियों को लव जिहाद के जाल में फंसाने की बात कुबूली है।

छानबीन में पुलिस को जानकारी मिली है कि अब तक वह पांच-छह युवतियों को फंसा चुका है। अभी उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter