खेत पर सो रहे किसान को गोली मारी, बेटे को भी मारने की फिराक में थे हमलावर, फायरिंग करते हुए भागे

Datia News : दतिया । सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव काली पहाड़ी के किसान अमान सिंह परिहार की आठ लोगों ने मिलकर निर्मम हत्या कर दी। बताया जाता है कि आरोपितों ने किसान अमानसिंह के सिर में गोली मारी। इसके चलते घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के आरोपित किसान के बेटे को भी ढूंढ रहे थे, किंतु वह वहां पर नहीं मिला वरना आरोपित उसे भी गोली मारने की फिराक में थे।

सिविल लाइन थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार-गुरूवार रात एक बजे के लगभग अमान परिहार पुत्र रामसिंह परिहार (45) निवासी काली पहाड़ी अपने खेत पर बने हुए कुएं पर सो रहा था। परिवार के कुछ लोग भी उस दौरान वहीं पर थे। अचानक रात को 8 आरोपितों ने उस पर हमला कर दिया और सोते में ही उसके सिर में गोली मार दी।

गोली देशी कट्टे से चलाई गई थी, जो उसके सिर में घुसकर अंदर ही धंस गई। पुलिस ने बताया कि सोलंकी और परिहार परिवार के बीच काफी लंबे समय से रंजिश चल रही है। इसके चलते आरोपित जयेंद्र सिंह सोलंकी, रविंद्र सिंह सोलंकी, देवेंद्र सिंह सोलंकी, संजय सिंह सोलंकी, परमाल सिंह सोलंकी, दीपेंद्र सिंह सोलंकी, किशन पाल उर्फ मट्टू तथा पंजाब सिंह सोलंकी ने मिलकर खेत पर सो रहे किसान पर हमला कर दिया।

इसके बाद हवा में फायरिंग करते हुए आरोपी भाग निकले। परिवार के जो सदस्य वहां थे, वे इन आरोपितों के डर के कारण इधर-उधर छुप गए। जब ओरोपित वहां से चले गए तो यह लोग बाहर निकले तब तक किसान अमान सिंह की मौत हो चुकी थी। घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलित तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की।

अमान के बेटे को भी मारने चाहते थे हमलावर

सोलंकी और परिहार परिवार में वर्षों पुराना विवाद चल रहा है। किसान अमान सिंह को मारने के लिए सोलंकी परिवार के लोग मौके की तलाश में थे। उसकी रैकी करने के बाद आरोपित ने खेत पर उस पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि मृतक किसान का एक पुत्र भी है, जो अभी पढ़ाई कर रहा है।

हमलावरों ने घटना स्थल पर उसकी खोज भी की, किंतु वह नहीं मिला। जब वह नहीं मिला तो सभी आरोपित वहां से भाग निकले। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपित अभी तक पकड़े नहीं जा सके है। पुलिस के अलग-अलग दल उनकी खोज कर रहे है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter