चांद की सैर का सपना अब होगा साकार, जापानी अरबपति कराएंगे यात्रा, जानिए क्या करना होगा

PHOTO CREDIT – Passionsnetin

सैन फ्रांसिस्को । आपने वो गाना तो सुना होगा जिसके बोल थे ‘चलो दिलदार चलें, चांद के पार चलें’ यह गाना अब वाकई साकार होने वाला है। जल्दी आम लोग भी चांद की यात्रा कर सकेंगे और इसके लिए उन्हें अपनी जेब से कुछ भी खर्च नहीं करना होगा। यह शायद कभी किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि विज्ञान के युग में ऐसा भी होगा कि लोग आसानी से चांद की सैर इस तरह कर सकेंगे जैसे एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए लोग फ्लाइट का उपयोग करते हैं। आइए, हम आपको बताते हैं कि यह सब कैसे संभव होगा।

जापान के अरबपति यूसाकु माइजावा ने चांद पर मुफ्त में यात्रा करने के लिए लोगों को निमंत्रण दिया है। वे इस यात्रा के लिए सभी क्षेत्रों से आठ लोगों का चयन करेंगे। इसके लिए उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया है। उन्होंने कहा है कि चयनित आठ लोगों का वह पूरा खर्च वहन करेंगे। एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स से यह यात्रा 2023 में प्रस्तावित है।

चांद की सैर के लिए कोई भी करा सकेगा रजिस्ट्रेशन

जापान की सबसे बड़ी ऑनलाइन फैशन कंपनी जोजोटाउन चलाने वाले यूसाकु ने इसके लिए आम जनता के बीच प्रतिस्पर्धा शुरू करवा दी है। इसमें कोई भी प्री-रजिस्ट्रेशन करा सकता है। उसके बाद ही उन्हें चयन प्रक्रिया के संबंध में ईमेल प्राप्त होगा। इस मामले में युसाकू ने वीडियो में कहा है कि यह पूरी तरह से प्राइवेट यात्रा है, जिसमें दस से बारह लोग जाएंगे। इस मिशन का नाम ‘डियरमून’ है और एलन मस्क ने 2023 में स्पेसएक्स में यात्रा के लिए उन्हें पहला यात्री बनाया है।

डियरमून मिशन होगा छह दिन का

अब वह उन आठ लोगों को अपने साथ मुफ्त में ले जाना चाहते हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हैं और लौटने के बाद इस यात्रा से और बेहतर तरीके से कुछ करके दिखाएं। यह यात्रा छह दिन की होगी। ‘डियरमून मिशन’ के माध्यम से इंसानों के जाने का यह अभियान 1972 के बाद होगा। स्पेसएक्स ने 2021 के अंत तक नागरिकों के लिए मिशन इंसपिरेशन-4 की योजना बनाई हुई है। यह चैरिटी मिशन होगा। अमेरिका के पायलट और अरबपति व्यापारी जेरेड इसाकमैन इसका नेतृत्व करेंगे। इनके साथ तीन लोग और जाएंगे।

अंतरिक्ष में होटल बनाने की भी योजना

यदि आप होटल में जाना पसंद करते हैं तो आपके लिए आने वाले समय में अंतरिक्ष भी वो स्थान होगा, जहां पर ठहरकर पूरा आनंद उठा सकते हैं। ओरबिटल एसेंबली कॉरपोरेशन (ओएसी) विश्व का पहला अंतरिक्ष होटल बनाने की योजना बना रहा है। इस कंपनी की योजना है कि 2025 तक चार सौ लोगों की क्षमता वाले होटल को अंतरिक्ष में शुरू कर दिया जाए। इस होटल में थीम रेस्टोरेंट, लाउंज, सिनेमाघर, कंसर्ट हॉल, बार, लाइब्रेरी, जिम और हेल्थ स्पॉ जैसी सभी सुविधाएं होंगी। कंपनी ने होटल में हिस्सेदारी और निवेश के लिए भी कंपनियों को आमंत्रित किया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter