बांग्लादेश की राजधानी ढाका में विस्फोट, सात लोगों की मौत और 400 घायल

ढाका : बांग्लादेश की राजधानी ढाका के भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज धमाके में एक तीन मंजिली इमारत ढह गई। इस घटना में सात लोगोंे की मौत हो गई और करीब 400 घायल हो गए।

विस्फोट गैस लाइन में रिसाव या गैस सिलेंडरों के कारण होने का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस ने घटना में किसी साजिश से इन्कार किया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना ढाका के भीड़भाड़ वाले मोघबाजार में रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। इसमें एक पुरानी इमारत ढह गई। इस इमारत में एक रेस्तरां भी था। अधिकारियों को संदेह है कि रेस्तरां की गैस लाइन में गड़बड़ी या सिलेंडरों के कारण धमाका हो सकता है।

ढाका के पुलिस आयुक्त शफीकुल इस्लाम ने कहा कि विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की सात इमारतें और दो बसें क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई और करीब 400 लोग घायल हो गए। इनमें से 50 की हालत गंभीर है।

इन्हें ढाका मेडिकल कालेज हास्पिटल और शेख हसीना नेशनल इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया है। जबकि करीब 300 लोगों के शरीर और सिर पर कांच के टुकड़ों से चोट लगी है। इनको उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter