इंग्लैंड सीरीज से बाहर हो सकते हैं चोटिल गिल, इस खिलाड़ी को मिल सकता है मौका

नई दिल्ली : भारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो सकते हैं। हालांकि गिल की चोट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। उनकी जगह स्टैंडबाई अभिमन्यु ईश्वरन मुख्य टीम में आ सकते हैं।

गिल के हालात के बारे में चीजें स्पष्ट नहीं है और चार अगस्त से पहले उन्हें सर्जरी के लिए बोला गया है। बीसीसीआइ के एक अधिकारी ने कहा, ‘यह संभावना है कि गिल टेस्ट सीरीज से बाहर हो सकते हैं। उनकी चोट गंभीर है और हमें कई चीजें जाननी हैं।

‘ यह माना जा रहा है कि पंजाब का यह बल्लेबाज पिंडली या हैमस्टि्रंग (घुटने के पीछे की नस) की चोट से परेशान है जिसे ठीक होने में काफी समय लग सकता है।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें यह चोट कब और कैसे लगी। उनकी इस चोट पर इंग्लैंड में उनके साथ मौजूद फिजियो नितिन पटेल और स्ट्रेंथ व कंडिशनिंग कोच सोहुम देसाई नजर रख रहे हैं।

गिल का प्रदर्शन पिछली कुछ पारियों में खराब रहा है। पिछली चार टेस्ट पारियों में वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं।

इसके अलावा वह साउथैंप्टन में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीम और स्विंग गेंदबाजी के आगे संघर्ष कर रहे थे।

अगर गिल बाहर हो जाते हैं तो मयंक अग्रवाल और लोकेश राहुल भी सलामी बल्लेबाज के तौर पर टीम में शामिल हैं। ईश्वरन सिर्फ स्टैंडबाई सूची से उनकी जगह आएंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter