मथुरा: शरारती तत्वों ने मस्जिद को किया क्षतिग्रस्त, इलाके में तनाव, फोर्स तैनात

मथुरा : उप्र में मथुरा जिले के थाना छाता क्षेत्र के नौगांव में मंगलवार रात शरारती तत्वों ने मस्जिद की दो मीनार तोड़ दीं। पुलिस ने तत्काल दोनों मीनारों का निर्माण शुरू करा दिया। अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अकबरपुर-शेरगढ़ मार्ग स्थित नौगांव में खेतों के किनारे मस्जिद है।

इमाम गांव अगरयाला निवासी सद्दाम अपने पिता की तबीयत खराब होने के कारण तीन दिन से मस्जिद नहीं आ रहे थे। मंगलवार शाम लोग नमाज पढ़ने के बाद मस्जिद बंदकर चले गए।

सुबह पांच बजे गांव नौगांव निवासी श्यामू और शब्बीर नमाज पढ़ने के लिए पहुंचे। श्यामू ने बताया, मस्जिद की चार में से अगले हिस्से की दोनों मीनार टूटी पड़ी थीं। मस्जिद की छत पर चढ़ने के लिए सीढ़ियां नहीं हैं।

बराबर में ही एक नीम का पेड़ है। संभवत: शरारती तत्व उसी पेड़ से छत तक पहुंचे। श्यामू ने बताया, एक पालीथिन में बंद गंदगी भी मस्जिद के अंदर पड़ी थी।

इसके बाद मुस्लिम समाज के लोग जुटना शुरू हो गए। एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में मस्जिद की दोनों मीनार दोबारा बनवाई जा रही हैं। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter