अहमदाबाद : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद के विभिन्न हिस्सों में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। अहमदाबाद उनके लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर के अंतर्गत आता है। अपनी गुजरात यात्रा के दूसरे दिन रविवार को शाह ने अहमदाबाद नगर निगम के अधिकारियों और राजनेताओं से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने अपनी लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले चार विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित विधायकों से भी भेंट की।
इस दौरान उन्होंने शहर की झीलों का सुंदरीकरण करने की जरूरत पर बल दिया। एक बयान के मुताबिक, अधिकारियों ने गृह मंत्री को बताया कि नारणपुरा, साबरमती, घटलोडिया और वेजलपुर विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 87 फीसद लाभार्थियों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। ये चारों विधानसभा क्षेत्र गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। शाह को यह भी बताया गया कि इन चारों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान के तहत 3.44 लाख पौधे लगाए गए हैं।
इस अभियान की शुरुआत शाह ने अपनी पिछली गुजरात यात्रा के दौरान की थी। अधिकारियों ने शाह को बताया कि 2019-20 और 2020-21 में 768.20 करोड़ के विकास कार्य किए गए। 2021-22 में 2,873.44 करोड़ की 186 परियोजनाएं चल रही हैं। इसके अलावा शाह ने नारणपुरा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, गांधी आश्रम विकास परियोजना समेत शहर की कई अन्य परियोजनाओं का भी जायजा लिया।
