नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया है। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की रविवार को संपन्न हुई पहली बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
वरिष्ठ नेता पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव और एनडी गुप्ता को कोषाध्यक्ष चुना गया है। तीनों नेताओं का कार्यकाल पांच साल का होगा।
उल्लेखनीय है कि केजरीवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय परिषद की शनिवार को वर्चुअल बैठक हुई थी। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के 34 नए सदस्य चुने गए थे। नवनिर्वाचित इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये रविवार को पहली बैठक हुई।
इसमें राष्ट्रीय संयोजक, राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की जल्द ही दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्यवार चुनाव को लेकर विश्लेषण किया जाएगा। देश के राजनीतिक हालात पर भी चर्चा की जाएगी।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उप्र और पंजाब का दबदबा आप की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तर प्रदेश और पंजाब का दबदबा रहा है। उप्र से संजय सिंह और पंजाब से भगवंत मान अपने लोगों को जगह दिलाने में सफल रहे हैं। कार्यकारिणी में युवाओं को मौका तो दिया ही गया है।

भगवंत मान पंजाब से पार्टी के इकलौैते सांसद हैं जो दूसरी बार चुनाव जीते हैं। वह पहले से ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं। जबकि पंजाब से बलजिंदर कौर, अमन अरोड़ा, हरपाल चीमा व सरबजीत कौर मनुके को भी इस बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है। वहीं संजय सिंह उत्तर प्रदेश के प्रभारी हैं।
पहले से ही कार्यकारिणी में शामिल सिंह ने इस बार उत्तर प्रदेश से डा. अल्ताफ आलम, महेश वाल्मीकि और नीलम यादव को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दिलाई है। डा. अल्ताफ आलम प्रयागराज से पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं। नीलम यादव पार्टी की उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं।
वह बस्ती जिले से हैं। वहीं महेश वाल्मीकि पार्टी के एससी, एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं जो कानपुर से संबंध रखते हैं। गुजरात से इशुदान गाधवी व गोपाल इटालिया हैं। इटालिया पार्टी की ओर से गुजरात के संयोजक हैं। दिल्ली से विधायक गुलाब सिंह गुजरात प्रभारी हैं। उन्हें भी कार्यकारिणी में जगह मिली है।
गोवा से राहुल म्हामरे और वेन्जी वेगस को जगह दी गई है। राहुल गोवा के संयोजक हैं। उत्तराखंड से मुख्यमंत्री पद के लिए आम आदमी पार्टी का चेहरा कर्नल अजय कोठियाल को जगह दी गई है। वहीं दिल्ली से विधायक दिनेश मोहनिया को उत्तराखंड का प्रभारी होने के चलते स्थान मिला है।
दिल्ली से राघव चड्ढा, दिलीप पांडेय व आतिशी पार्टी की विधायक हैं। वहीं आदिल खान आजादपुर सब्जी मंडी के चेयरमैन और दुर्गेश पाठक पार्टी के नेता हैं। वहीं कैप्टन शालिनी सिंह सेना की पूर्व अधिकारी हैं।