दो नए केन्द्रीय विद्यालयों का शुभारम्भ, एक कर्नाटक में और दूसरा पंजाब में: केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने की घोषणा

केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने आज दो नए केन्द्रीय विद्यालयों के शुरुआत की घोषणा की। इनमें से एक केन्द्रीय विद्यालय कर्नाटक में है, जबकि दूसरा पंजाब राज्य में स्थित है। केन्द्रीय विद्यालय सदलगा, बेलगावी, कर्नाटक और केन्द्रीय विद्यालय, आईआईटी रोपड़, पंजाब; केंद्रीय विद्यालय परिवार के दो नए सदस्य होंगे। इसके साथ ही देश भर में केन्द्रीय विद्यालयों की कुल संख्या 1247 हो जाएगी।

प्रारंभ में इन दोनों विद्यालयों में कक्षा I से V तक पढ़ाई होगी और उसके बाद बारहवीं कक्षा तक इनका विस्तार किया जायेगा। जब ये विद्यालय पूरी क्षमता से काम करना शुरू कर देंगे, तो प्रत्येक विद्यालय में क्षेत्र के लगभग 1000 छात्र शिक्षा प्राप्त करेंगे। दोनों विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया, शैक्षणिक सत्र 2021-22 से शुरू होगी।

केवी सदलगा, एक सिविल क्षेत्र का विद्यालय है और नए भवन का निर्माण होने तक, यह राज्य सरकार द्वारा प्रदान किये गए भवन में काम करना शुरू कर देगा।

केवी आईआईटी, रोपड़; संस्थान द्वारा प्रदान प्रदान किये गए भवन में काम करना शुरू करेगा।

केवी सदलगा, कर्नाटक के चिक्कोडी संसदीय क्षेत्र (जिला बेलगावी) में स्थित है, जबकि केवी आईआईटी रोपड़, पंजाब के आनंदपुर साहिब संसदीय क्षेत्र (जिला रूपनगर) में स्थित है।

स्थापना वर्ष, 1963 में 20 स्कूलों की शुरुआत के साथ, केवीएस में अब वर्ष 2020-21 में 1247 विद्यालय हैं, जिनमें से 3 केवी विदेश में हैं – मास्को, काठमांडू और तेहरान। वर्त्तमान में इन विद्यालयों में कुल 1393668 छात्रों का नामांकन है।   

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter