पार्टी छोड़ कर गए विधायकों के खिलाफ सख्त हुई BJP, सदस्यता रद्द करने की मांग की, भेजा नोटिस

कोलकाता : बंगाल में बीते दो दिनों में ही दो भाजपा विधायकों के सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल होने के बाद पार्टी की चिंताएं बढ़ गई हैं। इसके मद्देनजर भाजपा दलबदल करने वाले विधायकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के मूड में है। इसी क्रम में बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व भाजपा विधायक दल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने पाला बदलने वाले दोनों विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। दोनों से सात दिनों के भीतर इस पर जवाब मांगा गया है।

गौरतलब है कि सोमवार को बांकुड़ा के विष्णुपुर से विधायक तन्मय घोष और मंगलवार को उत्तर 24 परगना के बागदा से विधायक विश्वजीत दास भाजपा छोड़कर टीएमसी में शामिल हो गए थे। दोनों विधायकों को लिखे पत्र में सुवेंदु ने कहा है कि अगर सात दिनों में जवाब नहीं आता है तो यह समझा जाएगा कि आप भाजपा छोड़ टीएमसी में शामिल हो गए हैं।

उसके बाद पार्टी की ओर से आगे का कदम उठाया जाएगा। सुवेंदु ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों विधायकों की सदस्यता रद करने की मांग को लेकर उचित कानूनी कदम उठाया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले जून माह में वरिष्ठ नेता मुकुल राय भी भाजपा छोड़ वापस टीएमसी में शामिल हो गए थे। इस तरह मई में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से भाजपा के तीन विधायक तृणमूल में शामिल हो चुके हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter