भारत को विदेशी सहायता के तौर पर 5.5 रेमडेसिविर इंजेक्शन, 15801 ऑक्सीजन सिलेंडर मिले : केंद्र

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि विदेशी सहायता के तौर पर मिले 19 आक्सीजन उत्पादन संयंत्र, 11,321 आक्सीजन कंसंट्रेटर, 15,801 आक्सीजन सिलेंडर और करीब साढ़े पांच लाख रेमडेसिविर इंजेक्शन 27 अप्रैल से 16 मई के बीच विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वितरित किए जा चुके हैं या वहां के लिए रवाना किए जा चुके हैं।

सरकार को 27 अप्रैल से विभिन्न देशों और संगठनों से कोरोना चिकित्सा राहत सामग्री और उपकरण के तौर पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि एक सुव्यवस्थित व प्रणालीबद्ध रूप से विभिन्न मंत्रालय और विभाग समूची सरकार के तौर पर बिना किसी रुकावट के सामूहिक रूप से आने वाली वैश्विक सहायता को राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंचाने के काम में जुटे हैं।

मंत्रालय ने कहा कि 15-16 मई को आई सहायता में आस्ट्रेलिया, रोमानिया, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ (जर्मनी, पुर्तगाल, स्लोवेनिया), कतर, कुवैत, आइसीबीएफ (कतर), ब्रिटिश आक्सीजन कंपनी (ब्रिटेन), मेडिकल एड (ब्रिटेन) से बड़े पैमाने पर राहत सामग्री मिली हैं। इनमें 263 आक्सीजन कंसंट्रेटर, 105 वेंटीलेटर, 2,332 आक्सीजन सिलेंडर, 30,753 रेमडेसिविर इंजेक्शन और अन्य दवाएं शामिल हैं।

मंत्रालय ने कहा कि राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों और संस्थानों तक इस राहत सामग्री का प्रभावशाली तरीके से शीघ्र आवंटन और वितरण एक नियमित प्रक्रिया है। इसकी नियमित तौर पर निगरानी की जाती है। मंत्रालय ने कहा कि विदेश से सहयोग के तौर पर मिलने वाले अनुदान, सहायता और दान के रूप में आने वाली राहत सामग्री की प्राप्ति और आवंटन के बेहतर प्रबंधन के लिए एक समर्पित समन्वय प्रकोष्ठ का गठन भी किया गया है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter