भारत-ब्रिटेन के बीच विशेष उड़ानों की सीमा प्रति सप्ताह 30 से बढ़ाकर 60 की गई

नई दिल्ली : नागरिक उड्डयन मंत्रालय (एमओसीए) ने भारत और ब्रिटेन के बीच संचालित होने वाली विशेष उड़ानों की सीमा 16 अगस्त से प्रति सप्ताह 30 से बढ़ाकर 60 कर दी है।

मंत्रालय का यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर-राज्य परिषद सचिवालय के सचिव संजीव गुप्ता द्वारा ट्विटर पर शिकायत किए जाने के पांच दिन बाद आया है।

गुप्ता ने शिकायत की थी कि 26 अगस्त को ‘ब्रिटिश एयरवेज’, ‘एयर इंडिया’ और ‘विस्तारा’ की दिल्ली-लंदन उड़ानों की ‘इकोनामी-क्लास’ की एक टिकट की कीमत 1.2 लाख रुपये से 3.95 लाख रुपये की आ रही थी।

गुप्ता की शिकायत के बाद, ‘विस्तारा’ ने रविवार को कहा था कि मूल्य निर्धारण हमेशा आपूर्ति और मांग पर निर्भर करता है। एमओसीए ने गुरुवार को कहा कि उड़ानों की बढ़ी हुई सीमा ’16 अगस्त, 2021 से लागू होगी और यह अगले आदेश तक या निर्धारित अंतरराष्ट्रीय कामर्शियल उड़ान सेवाओं के सामान्य रूप से बहाल होने तक जारी रहेगी।’

कोविड-19 महामारी के कारण पिछले साल 23 मार्च से भारत में निर्धारित अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। भारत, ब्रिटेन सहित 28 देशों के साथ एयर बबल व्यवस्था के तहत जुलाई 2020 से सीमित विशेष अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें संचालित कर रहा है

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter