अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्कर गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार, 35 देसी पिस्तौल और 45 मैग्जीन बरामद

पानीपत : क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (सीआइए) थ्री ने अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्कर गिरोह का पर्दाफाश कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के कब्जे से 35 देसी पिस्तौल और 45 मैग्जीन बरामद हुई हैं। इन हथियारों को 18 लाख रुपये में बेचा जाना था।

गिरफ्तार आरोपित उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव बुढ़ाखेड़ा के महफूज उर्फ फौजी हाल पता बलजीत नगर, मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के निगावलपुरा गांव के संतोष व राय सिंह और धार जिले के खड़की गांव के हीरालाल हैं। पुलिस ने बताया कि महफूज उर्फ फौजी टैक्सी चलता था।

वह टैक्सी की बुकिंग लेकर मध्य प्रदेश के गंधवानी गया था, वहीं पर अवैध हथियार तस्कर गिरोह के सरगना धार जिले के गंधवानी गांव के बच्चन सिंह उर्फ बच्ची यादव के संपर्क में आया। बच्ची ने उसे अवैध हथियार बेचकर जल्द लखपति बनने का सपना दिखाया।

महफूज ने बच्ची से कई पिस्तौल 12 से 15 हजार रुपये की दर से खरीदें और पंजाब, दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में 45 से 50 हजार रुपये की दर से बेच दीं थीं। 30 और पिस्तौल का बच्ची को आर्डर दे दिया। इन पिस्तौल की महफूज को सप्लाई देने आए बच्ची के गुर्गे संतोष, राय सिंह और हीरालाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उक्त तीनों तस्कर पानीपत सहित हरियाणा के कई जिलों, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गुजरात और राजस्थान में करीब 500 हथियार बेच चुके हैं।

पुलिस बच्ची और उसके कई गुर्गों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापे मार रही है। पुलिस अधिकारी शशांक कुमार सावन ने मंगलवार लघु सचिवालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि 18 अगस्त को सीआइए-थ्री इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर की टीम ने सिवाह के पास चौटाला रोड के डाडौला चौक से बैग सहित बलजीत नगर के महफूज को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पांच पिस्तौल व दस मैग्जीन बरामद की गई।

आरोपित को अदालत में पेश कर आठ दिन की रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में महफूज ने कुबूल किया कि बच्ची यादव अवैध हथियार तस्कर गिरोह का सरगना है। बच्ची की फैक्ट्री में अवैध हथियार बनाए जाते हैं। बच्ची ने कई प्रदेशों में अवैध हथियार बेचने के लिए गुर्गे लगा रखे थे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!