अधीर रंजन चौधरी का पीएम मोदी को पत्र, लॉकडाउन वाले राज्यों में गरीबों को मिले 6 हजार रुपए महीना

कोलकाता : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता विपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने पीएम नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र है, जिसमें उन्होंने लाकडाउन के दौरान गरीबों को आर्थिक मदद मुहैया करने की मांग रखी है। प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष ने लाकडाउन वाले राज्यों के गरीबों को 6,000 रुपये प्रति माह देने का आग्रह किया है।

अपनी चिट्ठी में अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद राज्यों की स्थिति खराब हो चुकी है। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए लाकडाउन लगाने का फैसला किया है। ऐसे में कई राज्यों में रोजाना मजदूरी करने वाले श्रमिक और गरीब लोगों को खाने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वो बेरोजगार हो चुके हैं, जिसके कारण परिवार पालना मुश्किल हो गया है।

ऐसे लोगों को मुफ्त राशन के बाद केंद्र सरकार को हर महीने छह हजार रुपये की आर्थिक मदद करनी चाहिए। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि ऐसे लोगों के खाते में सीधे पैसे स्थानांतरण करने चाहिए, जिससे इस कोरोना महामारी के दौरान वे अपने परिवार का ध्यान रख सकें। बता दें, पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इसी तरह की मांग सरकार से कर चुकी हैं। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter