अनिल कुंबले फिर से बन सकते हैं टीम इंडिया के हेड कोच, 4 साल पहले कोहली के साथ हुई थी अनबन

नई दिल्ली : भारतीय कप्तान विराट कोहली के बाद अब रवि शास्त्री भी आगामी टी-20 विश्व कप के बाद टीम इंडिया के मुख्य कोच का पद छोड़ सकते हैं, क्योंकि उनका कार्यकाल विश्व कप के बाद खत्म हो रहा है।

ऐसे में रिपोर्ट आ रही है कि चार साल बाद एक बार फिर से टीम इंडिया के प्रमुख कोच के रूप में भारत के पूर्व लेग स्पिनर अनिल कुंबले को बीसीसीआइ वापस बुला सकता है।

इतना ही नहीं, शास्त्री के साथ-साथ गेंदबाजी कोच भरत अरुण और क्षेत्ररक्षण कोच आर श्रीधर का कार्यकाल भी टी-20 विश्व कप के बाद समाप्त हो रहा है। कुंबले को जून 2016 में टीम इंडिया के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त किया गया था।

उन्हें साल 2017 में कप्तान विराट कोहली से अनबन के कारण बाहर का रास्ता दिखा गया था और शास्त्री को उनकी जगह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

कुंबले के बाहर होने के तुरंत बाद कोहली ने बीसीसीआइ से उस समय विनोद राय की अगुआई वाली प्रशासकों की समिति द्वारा शास्त्री को प्रमुख कोच बनाए जाने की मांग रखी थी, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनिवार्य पैनल की सिफारिशों के क्रियान्वयन के बाद एक नई व्यवस्था के साथ ऐसा माना जा रहा है कि कुंबले को वापस लाने की योजना बनाई जा रही है।

कोहली के कप्तानी छोड़ने की जानकारी के साथ बीसीसीबाइ सचिव जय शाह और अध्यक्ष सौरव गांगुली ने स्पष्ट तौर कहा था कि उनके पास टीम इंडिया के भविष्य के लिए स्पष्ट रूप से रोडमैप तैयार है।

ऐसे में अगर कुंबले दोबारा टीम इंडिया के कोच बनते हैं तो उन्हें अपनी आइपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स के प्रमुख कोच का पद त्यागना होगा, जबकि वह आइसीसी की क्रिकेट समिति के भी प्रमुख हैं।

कुंबले के अलावा रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि बीसीसीआइ ने श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर और वर्तमान में आइपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के प्रमुख कोच महेला जयवर्धने से भी इस पद के लिए बातचीत की है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!