अमित शाह ने पूर्वोत्तर के 8 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ की अहम बैठक, अंतर राज्यीय सीमा विवाद को लेकर की चर्चा

शिलांग : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ अंतरराज्यीय सीमा विवाद और कोरोना से निपटने को लेकर बैठक की।

एक अधिकारी ने बताया कि इस बैठक में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों, मुख्य सचिवों और पुलिस प्रमुखों ने हिस्सा लिया।

अधिकारी के अनुसार, शाह को अंतरराज्यीय सीमा विवाद के बारे में जानकारी दी गई, जिसके चलते इस क्षेत्र के राज्यों को लंबे समय से नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बैठक के दौरान शाह को विभिन्न राज्यों में कोरोना की स्थिति से भी अवगत कराया गया। बताते चलें कि पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों के बीच सीमा को लेकर विवाद चल रहा है।

पिछले कुछ वर्षों में असम और मिजोरम के बीच कई बार हिंसक झड़प हो चुकी है। इससे पहले शिलांग हवाई अड्डे पर उतरने के बाद मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा और केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह ने अमित शाह का स्वागत किया।

इसके बाद शाह उत्तर-पूर्व अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र की एक बैठक में शामिल हुए। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार, शाह ने मेघालय के मावियोंग में अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आइएसबीटी) का उद्घाटन किया।

इसके बाद आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस बस टर्मिनस से पूर्वोत्तर में सड़क संपर्क बेहतर होगा और यह क्षेत्र आर्थिक केंद्र बनेगा। जहां तक पूर्वोत्तर की बात है क्षेत्र के विकास के लिए संपर्क बहुत जरूरी है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter