असामाजिक तत्वों ने खंडित की वीर तेजाजी की प्रतिमा,भड़के ग्रामीण

जोधपुर : राजस्थान में जोधपुर जिले के हरियाड़ा गांव में असामाजिक तत्वों द्वारा लोकदेवता तेजाजी की प्रतिमा को खंडित करने का मामला सामने आया है।

इस प्रतिमा की दो माह बाद प्राणप्रतिष्ठा की जानी थी। जानकारी के अनुसार गांव के लोगों ने चंदा एकत्र कर वीर तेजाजी, माता पेमल, घोड़ी लीलण व नाग देवता की प्रतिमा बनवाई थी ।

करीब पंद्रह लाख रुपये की लागत से तैयार इन प्रतिमाओं की प्राणप्रतिष्ठा दो माह बाद होनी थी। इससे पहले कुछ असामाजिक तत्वों ने इन सभी प्रतिमाओं को खंडित कर दिया ।

प्रतिमा खंडित होने की जानकारी मिलते ही लोगों में रोष व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए । लोगों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रख कई अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए । पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी ।

अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से आग्रह किया कि वे उन्हें तीन दिन का समय दें। इस दौरान आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा । समाज के सभी वर्ग के लोगों ने बैठक कर पुलिस को तीन दिन का समय देने पर अपनी सहमति दे दी है । 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter