आगरा: इंस्टाग्राम पर युवती को किया फॉलो, मिलने के लिए झारखंड चला गया 12वीं का छात्र

आगरा : घर से नाराज होकर किशोर झारखंड में अपनी इंस्टाग्राम फ्रेंड के पास पहुंच गया। पुलिस ने इंस्टाग्राम की मदद से ही उसे खोज लिया। झारखंड पुलिस से समन्वय बनाकर पुलिस छात्र तक पहुंच गई। उससे फोन पर बात होने के बाद शुक्रवार को स्वजन झारखंड रवाना हो गए हैं।

आगरा का पश्चिमपुरी निवासी 17 वर्षीय शांतनु पोखरियाल गुरुवार सुबह घर से चला गया था। स्वजन ने सिकंदरा थाने में गुमशुदगी लिखाई थी। इंस्पेक्टर सिकंदरा कमलेश सिंह ने बताया कि शांतनु का पता लगाने के लिए इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया।

छानबीन में पता चला कि शांतनु ने इंस्टाग्राम पर दो दिन पहले नया अकाउंट बनाया था। ओटीपी उसके बाबा के मोबाइल पर आया था। पुलिस ने उसे चेक किया, उस अकाउंट से शांतनु सिर्फ एक लड़की को फालो कर रहा था।

लड़की के बारे में जानकारी मिली कि वह झारखंड के डाल्टनगंज की निवासी है। पुलिस ने झारखंड में पलामू पुलिस से संपर्क किया। पुलिस लड़की के घर पहुंची, उसके स्वजन से कहा कि आगरा से कोई छात्र आए तो तत्काल सूचित करें। शांतनु अपनी इंस्टाग्राम फ्रेंड के घर पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने स्वजन से उसकी फोन पर बात भी करा दी। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter