गुरूवार को होने वाली एनसीसी की प्रधानमंत्री रैली की तैयारियां जोरों पर हैं। देश भर के पांच सौ कैडेट पीएम को परेड में निकलकर सलामी तो वहीं पांच सौ कैडेट झांकी, माइक्रोलाइट फ्लाइंग, पैरासेलिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये अपनी हिस्सेदारी निभायेंगे।
इन दिनों कदम से कदम और कंधे से कंधा मिलाकर परेड में सलामी का अभ्यास कर रहे हैं राष्ट्रीय कैडेट कोर यानि एनसीसी के कैडेट। जो 28 जनवरी को होने वाली एनसीसी की प्रधानमंत्री रैली की तैयारियों में जुटे हैं। देशभर के 17 निदेशालयों से आए ये कैडेट जहां एक तरफ पीएम को गार्ड ऑफ ऑनर देंगे तो वहीं दूसरी ओर आसमान में माइक्रोलाइट फ्लाइंग और हवा में पैरासेलिंग के जरिये भी कैडेट पीएम को सलामी देते नजर आयेंगे।
एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल तरूण कुमार आइच ने बताया कि इस बार कुल एक हजार कैडेट पीएम रैली का हिस्सा बनेंगे। इनमें पांच सौ जहां परेड में निकलकर पीएम को सलामी देंगे तो दूसरी ओर झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये भी पांच सौ कैडेट अपनी हिस्सेदारी निभायेंगे।
कैडेट झांकियों के जरिये भी एनसीसी द्वारा किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित करेंगे। इसमें थल सेना, नौ सेना और वायु सेना स्कंधों की झांकियां भी होंगी और कैडेटों के रोमांचकारी जीवन, सामाजिक कार्यों को दर्शाती वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और रक्तदान का संदेश देती झांकियां भी देखी जा सकेंगी। कोरोना महामारी के दौरान किस तरह देशभर में कैडेटों ने अपनी भूमिका निभाई है इसे भी बखुबी दर्शाने का प्रयास किया गया है। इसके अलावा कैडेटों द्वारा युवाओं का सपना- आत्मनिर्भर देश हो अपना और मेक इन इंडिया की प्रस्तुति भी कैडेटों के सांस्कृति कार्यक्रम में देखी जा सकेगी।

