एयर स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले फिर पाकिस्तान का नाम ले रहे : संबित पात्रा

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कोरोना टीके की खरीद की तुलना भारत-पाकिस्तान युद्ध से करने पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर कहा कि केजरीवाल बोल रहे हैं कि जब पाकिस्तान से युद्ध होगा तो क्या उत्तर प्रदेश अपने टैंक और दिल्ली सरकार अपने परमाणु बम बनाएगी। दुख तो इस बात का है कि सर्जिकल स्ट्राइक होती है, तो उस समय भी केजरीवाल राजनीति करने से नहीं चूकते हैं। उस समय भी वह सुबूत मांगते हैं।

संबित पात्रा ने कहा कि केजरीवाल ने कुछ समय पहले खुद कहा था कि केंद्र सरकार टीकाकरण के मामले में दिल्ली को स्वतंत्र रहने दे तो वे सभी दिल्लीवासियों का तीन माह में टीकाकरण करा देंगे। अब स्वतंत्रता दी गई है तो कह रहे हैं कि टीके की उपलब्धता पर उन्हें स्वतंत्रता क्यों दी गई यह तो केंद्र का विषय है, जबकि वस्तुत: स्वास्थ्य राज्य का विषय है।

उन्होंने कहा कि करीब 20 करोड़ टीके की खुराक केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को मुहैया कराई हैं, जिनमें दिल्ली भी शामिल है। दिल्ली में आज भी डेढ़ लाख से ज्यादा खुराक उपलब्ध हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री को इनका प्रबंधन करना चाहिए। इसके बजाय वह रोज दो से तीन प्रेस वार्ता कर झूठ, भ्रम फैलाने का अभियान चलाए हुए हैं और केंद्र के कार्यों का श्रेय लेने के लिए राजनीति कर रहे हैं। संकट के दौर में इस तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए। केजरीवाल को अनर्गल बातें और बेवजह की सियासत करने के बजाय दिल्लीवासियों को कोरोना से बचाने के लिए काम करना चाहिए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter