नई दिल्ली : रसोई गैस की कीमत में वृद्धि का सिलसिला बरकरार है। सरकारी तेल कंपनियों ने बुधवार को सब्सिडी वाली रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 25 रुपये की वृद्धि की। यह पिछले दो महीने यानी इस वर्ष पहली जुलाई के बाद सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में तीसरी वृद्धि है।
इस तरह तीन बार में रसोई गैस सिलेंडर का दाम 75.50 रुपये बढ़ाया जा चुका है। अगर बिना सब्सिडी वाली एलपीजी सिलेंडर की बात करें तो पहली जुलाई के बाद यह चौथी बढ़ोतरी है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 884.50 रुपये हो गई है।
इस वर्ष अब तक रसोई गैस सिलेंडर 190 रुपये महंगा हो चुका है। घरेलू गैस सब्सिडी मई, 2020 से लगभग समाप्त हो गई है। सिर्फ कुछ दुर्गम क्षेत्रों में ही सब्सिडी जारी है। दो दिन पहले ही पाइपलाइन के माध्यम से आपूर्ति की जाने वाली रसोई गैस यानी पीएनजी के दाम भी बढ़ाए गए हैं।
उधर, करीब एक सप्ताह पेट्रोल व डीजल की खुदरा कीमत स्थिर रखने के बाद बुधवार को पेट्रोल को 10 पैसे व डीजल को 14 पैसे प्रति लीटर सस्ता किया गया है। इन दोनों के दाम में अगले कुछ दिनों के दौरान थोड़ी कमी और हो सकती है।
लेकिन किसी बड़ी कटौती की उम्मीद नहीं है क्योंकि हाल के हफ्तों में कच्चे तेल की कीमत लगातार 69-72 डालर प्रति बैरल के स्तर पर बनी हुई है। आयल मार्केटिंग कंपनियों का कहना है कि पिछले एक महीने में कच्चा तेल थोड़ा सस्ता हुआ है।
लेकिन डालर के मुकाबले रूपये की कीमत में गिरावट आई है। घरेलू बाजार में पेट्रोल व डीजल की कीमत निर्धारित करने में आयातित कच्चे तेल की कीमत के साथ ही रुपये की कीमत भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बुधवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 101.34 रुपये प्रति लीटर और डीजल 88.77 रुपये प्रति लीटर है।


