कल्याण सिंह के नाम पर होगी यूपी के इन 5 जिलों की सड़कें, योगी सरकार का फैसला

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के छह जिलों के मार्गों का नामकरण दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर होगा। इनमें अयोध्या, लखनऊ, अलीगढ़, एटा, बुलंदशहर और प्रयागराज की एक-एक महत्वपूर्ण सड़क शामिल होगी। सोमवार को उप्र के उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग के मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में सरकार ने यह फैसला किया है।

अधिकारियों को उन्होंने जल्द इस बारे में प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। मौर्य ने कहा कि कल्याण सिंह ने राम मंदिर के लिए सत्ता छोड़ दी, लेकिन कारसेवकों पर गोली नहीं चलवाई। श्री राम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन में उनके योगदान को वर्तमान और भावी पीढ़ियां नहीं भुला पाएंगी।

माना जा रहा है कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि परिसर को जाने वाली सड़क का नामकरण दिवंगत भाजपा नेता के नाम पर किया जा सकता है।

लोक निर्माण विभाग यूपी बोर्ड के मेधावियों के निवास स्थल तक सड़क बनाने के लिए डा.एपीजे अब्दुल कलाम गौरवपथ, खिलाड़ियों के घरों तक मार्ग बनाने के लिए मेजर ध्यानचंद विजय पथ और शहीदों के सम्मान में जय हिंद वीर पथ योजना संचालित कर रहा है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter