नई दिल्ली : वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय माकन ने सोमवार को ट्वीट और वीडियो के जरिये दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब से क्षेत्रफल में 34 गुना छोटा होने के बाद भी केंद्र सरकार दिल्ली पर 34 हजार करोड़ रुपये खर्च करती है, जबकि दिल्ली में पानी नहीं, बस नहीं, नए अस्पताल नहीं और मेट्रो निर्माण ठप पड़ा है।
आप सरकार दिल्ली को मिलने वाले फंड को इश्तहारों में खर्च कर रही है। माकन ने कहा कि केंद्र सरकार आठ हजार करोड रुपये दिल्ली पुलिस पर खर्च करती है।
पांच अस्पतालों, जिनमें एम्स व सफदरजंग भी शामिल हैं, उन पर भी सात हजार करोड़ खर्च करती है, जिनमें तेरह हजार बेड हैं। डीडीए पर छह हजार करोड़ एवं एनडीएमसी पर चार हजार करोड़ रुपये खर्च होते हैं।
केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली स्थित केंद्रीय यूनिवर्सिटी (जेएनयू, जामिया और डीयू) पर तीन हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन दिल्ली सरकार कुछ भी खर्च नहीं करती है।
माकन ने कहा कि पंजाब का क्षेत्रफल 50,362 वर्ग किलोमीटर है, जबकि दिल्ली का क्षेत्रफल 1,484 वर्ग किलोमीटर है।
भौगोलिक दृष्टि से पंजाब दिल्ली से 34 गुना बड़ा है, लेकिन पंजाब में बेहतर बिजली, सड़कें व अन्य सुविधाएं हैं। दिल्ली में पीने के पानी का अभाव है, सैकड़ों लोग टैंकर पर खड़े होते हैं।
दिल्ली आगे बढने के बजाय पीछे जा रही है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को बताना होगा कि दिल्ली की जनता का पैसा कहां उड़ा रहे हैं। पंजाब सरकार दिल्ली से बेहतर सेवा दे रही है। इसलिए केजरीवाल झांसा देना बंद करें।


