नई दिल्ली : किसान आंदोलन की वजह से अदाणी ग्रुप ने लुधियाना स्थित किला रायपुर के इनलैंड कंटेनर डिपो (आइसीडी) का परिचालन बंद कर दिया है। इस साल जनवरी से किला रायपुर लाजिस्टिक पार्क के मुख्य द्वार पर किसान धरने पर बैठे थे। इस वजह से लाजिस्टिक पार्क में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया था।
धरने पर बैठे किसान लाजिस्टिक पार्क के कर्मचारियों को भी अंदर नहीं जाने दे रहे थे। किसानों को धरने से हटाने के संबंध में प्रबंधन की तरफ से पंजाब सरकार को कई शिकायतें की गईं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
इसके बाद प्रबंधन की तरफ से पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई। कोर्ट के आदेश के बावजूद राज्य सरकार के अधिकारी किसानों की नाकाबंदी हटाने में पूरी तरह से विफल रहे।
सूत्रों के मुताबिक लाजिस्टिक पार्क बंद होने से 700 करोड़ रुपये के कर राजस्व का नुकसान होगा। वहीं, इससे पंजाब से होने वाले निर्यात पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
अदाणी समूह की तरफ से पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में एक हलफनामा दाखिल कर कहा गया है कि पिछले सात महीनों में कोई भी राहत नहीं मिलने से वह अब और नुकसान उठाने की स्थिति में नहीं है।
अदाणी ग्रुप ने पंजाब के औद्योगिक माल की आवाजाही को आसान करने के लिए किला रायपुर में अपने आइसीडी की शुरुआत 2017 में की थी। समूह ने आइसीडी के संचालन को बंद करने के लिए प्रतीकात्मक रूप से अपने साइनबोर्ड को भी हटा दिया है। –


