नई दिल्ली : बहुचर्चित सोलर पैनल घोटाले की मुख्य आरोपित के यौन उत्पीड़न मामले में सीबीआइ ने केरल के पूर्व सीएम व कांग्रेस नेता ओमान चांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री केसी वेणुगोपाल व अन्य के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
करोड़ों रुपये का सोलर पैनल घोटाला राज्य की तत्कालीन कांग्रेसनीत यूडीएफ सरकार में सामने आया था। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि चांडी समेत छह के खिलाफ महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसका वर्ष 2012 में यौन उत्पीड़न किया गया। इसके बाद केरल पुलिस की अपराध शाखा मामले की जांच कर रही थी।
माकपा की नेतृत्व वाली केरल की वामपंथी सरकार ने साल की शुरुआत में मामले की सीबीआइ जांच की सिफारिश की थी। तब विपक्षी कांग्रेस ने इसे राजनीति से प्रेरित करार देते हुए चुनावी चाल बताया था।
अधिकारियों ने बताया कि प्रक्रिया के तहत सीबीआइ ने केरल क्राइम ब्रांच की तरफ से दर्ज छह प्राथमिकियों की जांच अपने जिम्मे ले ली। इन मुकदमों में चांडी व वेणुगोपाल के अलावा हिबी ईडन, अदूर प्रकाश, विधायक एपी अनिल कुमार व भाजपा नेता एपी अब्दुल्ला कुट्टी नामजद हैं।
कुट्टी के खिलाफ वर्ष 2014 में मुकदमा दर्ज किया गया था, जब वह कन्नूर से कांग्रेस विधायक थे। 19 जुलाई, 2013 को पुलिस आयुक्त को भेजे गए पत्र में महिला ने चांडी समेत कांग्रेस व संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कई नेताओं पर यौन उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।


