कोरोना के नए रुप से भारत समेत पूरी दुनिया सतर्क, 3 देशों में लॉकडाउन लगा

देश में कोरोना रिकवरी दर बढकर हुई 95.75 प्रतिशत, ब्रिटेन में कोरोनोवायरस का नया स्ट्रेन आने के बाद भारत के कई राज्यों में अतिरिक्त सतर्कता, 40 देशों ने ब्रिटेन से आवागमन पर लगाए प्रतिबंध।

 

कोरोना के खिलाफ सरकार के सख्त कदमों की मदद से बेहतर नतीजे सामने आ रहे हैं। संक्रमित लोगों में से अब तक 96 लाख 93 हजार से ज्यादा मरीज़ स्वस्थ हो चुके हैं।  जिसके बाद देश में रिकवरी रेट बढ़कर  95.75 प्रतिशत हो गया है। देश में कोविड से मृत्यु दर घटकर 1.45 प्रतिशत रह गई है।  पिछले 24 घंटों में 29 हजार 791 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं. वहीं भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने बताया कि देश में 23 दिसंबर तक कुल 16 करोड़ 53 लाख 8 हज़ार 366 नमूनों का परीक्षण किया गया। जिनमें से 23 दिसंबर को 10 लाख 39 हज़ार 645 नमूनों की जांच हुई। 

स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट साझा कर दिसंबर महीने में सप्ताह के आधार पर देश के 5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के उपचाराधीन मामले में हो रहे बदलाव को दिखाया है। इसमें से केरल को छोड़कर महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मामलों में हर सप्ताह कमी दर्ज की गई है। केवल केरल में 22 दिसंबर को खत्म होने वाले सप्ताह में मामले 57,790 से बढ़कर 60,670 हो गए। वहीं महाराष्ट्र में 1 दिसंबर को खत्म होने वाले सप्ताह में 91 हजार से ज्यादा मामले थे वे 22 दिसंबर को खत्म होने वाले सप्ताह में घटकर 60,500 के करीब हो गए है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में उपचाराधीन मामलों में दिसंबर महीने के हर सप्ताह में कमी दर्ज की गई है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter