कोरोना पॉजिटिव होने पर टी-20 सीरीज से बाहर हुए क्रुणाल पांड्या, इस शर्त पर होगी वापसी

नई दिल्ली : आलराउंडर क्रुणााल पांड्या के कोरोना पाजिटिव पाए जाने के बाद भारत और श्रीलंका के बीच मंगलवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाला दूसरा टी-20 क्रिकेट मैच स्थगित कर दिया गया।

अब यह मैच बुधवार को खेला जाएगा। तीसरा और आखिरी टी-20 मैच गुरुवार को होगा। क्रुणााल सोमवार को पाजिटिव पाए गए, जिन्हें क्वारंटाइन पर रखा गया है। भारत के बाकी खिलाड़ियों की आरटी-पीसीआर रिपोर्ट का इंतजार है।

पता चला है कि क्रुणाल ने मंगलवार सुबह गले में खराश की शिकायत की, जिसके बाद भारतीय मेडिकल स्टाफ ने उन्हें रैपिड एंटीजन टेस्ट कराने को कहा, जो पाजिटिव निकला।

यह भी पता चला है कि उनका आरटी-पीसीआर परीक्षण भी किया गया और वह भी पाजिटिव निकला। दूसरी ओर, श्रीलंकाई टीम में पाजिटिव परिणामों की कोई रिपोर्ट नहीं है। उनका बुधवार सुबह परीक्षण किया जाना है।

भारत ने पहला टी-20 मैच 38 रन से जीता था। हालांकि, यह समझ से परे है कि पिछले एक महीने से कड़े बायो-बबल (कोरोना से बचाव के लिए बनाए गए सुरक्षित माहौल) में रह रहे क्रुणााल पाजिटिव कैसे हो गए। क्रुणाल के पाजिटिव आने की वजह से पृथ्वी शा और सूर्यकुमार यादव की इंग्लैंड रवानगी पर भी असर पड़ सकता है।

ये दोनों फिलहाल श्रीलंका में हैं और दूसरा टी-20 मैच खेलने के बाद इनके इंग्लैंड रवाना होने की संभावना था। अब ऐसे में इनके रवाना होने में भी विलंब होगा, जिसके चलते इनके इंग्लैंड के खिलाफ चार अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में खेलने की संभावना नहीं है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!