कौशल्या मंदिर से राम वन गमन का शुभारंभ, CM बोले- राम हमारी संस्कृति, BJP के लिए वोट हैं

रायपुर : छत्तीसगढ़ में राम नाम की सियासत फिर गर्माने लगी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को राम के नाम पर राजनीति करने को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भगवान राम सर्वव्यापी और सर्वकालिक हैं। उनके कई रूप हैं। यही वजह है कि राम को जो जिस रूप में देखना चाहता है, वह उसी रूप में दिखते हैं। राम हमारे लिए भगवान हैं, वहीं कुछ लोग राम को केवल वोट दिलाने वाले के रूप में देखते हैं।

रायपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर के सुंदरीकरण के लोकार्पण कार्यक्रम में जाने से पहले बघेल ने अपने निवास पर पत्रकारवार्ता से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे लिए राम, गांधीजी के रघुपति राघव राजा राम वाले राम हैं। हमारे लिए सबरी के राम हैं। हमारे लिए माता कौशल्या के राम हैं। हमारे लिए भांचा (भांजा) राम हैं। भांजा उम्र में कितना भी छोटा हो, यहां उसका पांव छूकर आशीर्वाद लेने की परंपरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राम के नाम पर वोट मांगने और सत्ता हासिल करने वाली भाजपा 15 साल तक प्रदेश में सत्ता में रही, लेकिन माता कौशल्या या राम वनगमन पथ के लिए कुछ नहीं किया। राम के नाम पर राजनीति करने वालों की कलई अब खुल गई है।

बघेल ने कहा कि भगवान राम की माता कौशल्या इसी धरती की बेटी हैं। इस वजह से भगवान राम के व्यक्तित्व में छत्तीसगढ़ का भी योगदान रहा है। शायद यहीं के संस्कारों और संस्कृति ने उन्हें मर्यादा का आदर्श स्थापित करने में मदद की। राम हमारी संस्कृति में रचे-बसे हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter