वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को फोन कर वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा से अपने संसदीय क्षेत्र में बाढ़ के हालात की जानकारी ली।
सुबह लगभग नौ बजे काल कर उन्होंने पूछा, ‘क्या स्थिति है मेरी काशी की। बाढ़ से कितनी आबादी, कितने मोहल्ले और गांव प्रभावित होंगे।’ जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री के एक-एक सवाल का बिंदुवार जवाब दिया। पीएम ने निर्देशित किया कि जानमाल की क्षति नहीं होनी चाहिए।
दिल से सभी की मदद करिए। सभी विभाग आपस में समन्वय बनाकर बाढ़ प्रभावितों तक राहत सामग्री पहुंचाएं। किसी तरह की परेशानी हो तो तत्काल फोन पर बताएं। पीएम ने राहत सामग्री वितरण के बारे में भी पूछा।
डीएम ने बताया कि राहत सामग्री वितरण में प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधि भी जुटे हुए हैं। बाढ़ प्रभावित चार हजार से अधिक परिवारों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में रखा गया है। वहां दोनों वक्त खाने व दूध-फल का इंतजाम, स्वच्छ पेयजल व जेनरेटर से रोशनी की व्यवस्था की गई है।
शिविर में ही स्वास्थ्य कैंप स्थापित कर डाक्टर तैनात किए गए हैं। पशुओं के लिए चारा का भी मुकम्मल इंतजाम है। डीएम ने बताया कि एनडीआरएफ का भी हर स्तर पर सहयोग मिल रहा है।
यमुना का कहर जारी,
गंगा ने बढ़ाई पूर्वांचल की धुकधुकी जागरण टीम, लखनऊ : पूर्वांचल में गंगा में बढ़ाव से तटवर्ती इलाकों में हाहाकार मच गया है। मीरजापुर, भदोही, वाराणसी, बलिया व गाजीपुर व चंदौली में गंगा के बढ़ने से गोमती, वरुणा, सई आदि सहायक नदियां उफनाकर लोगों के सामने सांसत का पहाड़ खड़ा कर रही हैं।
वहीं, बांदा, उरई आदि जिलों में यमुना का कहर जारी है। केंद्रीय जल आयोग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दो दिन से वाराणसी में गंगा का जलस्तर एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।
बिहार में खतरनाक होती जा रही गंगा, सहायक नदियां भी बेकाबू राज्य ब्यूरो, पटना : बिहार में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सहायक नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उत्तर एवं दक्षिण बिहार की तमाम नदियों का प्रवाह तेज हो गया है।
पटना के लिए खतरनाक मानी जाने वाली पुनपुन एवं सोन में भी तेजी से पानी बढ़ रहा है। गंगा नदी का जलस्तर पटना में 2016 के रिकार्ड से मात्र 50 सेंटीमीटर दूर रह गया है। बीते 24 घंटे के दौरान मनेर, दानापुर, दीघा, गांधी घाट, फतुहा और हाथीदह में 14 सेंटीमीटर वृद्धि दर्ज की गई।
गंगा नदी बुधवार को पटना के गांधी घाट में अब तक के उच्चतम जलस्तर 50.52 मीटर से मात्र लगभग 60 सेमी नीचे रह गई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गुरुवार की सुबह आठ बजे तक पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 15 सेमी और ऊपर चढे़गा।