गुरमीत सिंह बने उत्‍तराखंड के नए राज्‍यपाल, पंजाब और तमिलनाडु के गवर्नर भी बदले

नई दिल्ली : लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह को उत्तराखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है। लगभग चार दशकों की सेवा के बाद वे फरवरी 2016 में सेना के उप प्रमुख पद से रिटायर हुए थे।

बेबी रानी मौर्य के त्यागपत्र देने के बाद से उत्तराखंड में राज्यपाल का पद खाली था। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी बयान के मुताबिक राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने मौर्य का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है और गुरमीत सिंह को राज्य का नया राज्यपाल बनाया है।

इस नई नियुक्ति के अलावा राष्ट्रपति ने कुछ राज्यपालों का तबादला भी किया है। बनवारी लाल पुरोहित को तमिलनाडु से पंजाब भेजा गया है। फिलहाल उनके पास पंजाब का अतिरिक्त प्रभार था।

केंद्र के वार्ताकार और सेवानिवृत्त आइपीएस अधिकारी आरएन रवि का तबादला नगालैंड से तमिलनाडु किया गया है। नगालैंड में नए राज्यपाल की नियुक्ति होने तक असम के राज्यपाल जगदीश मुखी को वहां की जिम्मेदारी दी गई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter