पेरिस : फ्रांस के प्रतिस्पर्धा रोधी प्राधिकरण ने मंगलवार को गूगल पर 50 करोड़ यूरो (करीब 4,400 करोड़ रुपये) का भारी-भरकम जुर्माना लगाने का एलान किया। यह जुर्माना फ्रांसीसी प्रशासकों के साथ भुगतान विवाद में लगाया गया है। ये प्रकाशक चाहते हैं कि गूगल उनके समाचारों के इस्तेमाल के लिए भुगतान करे।
फ्रांसीसी प्राधिकरण ने यह चेतावनी भी दी है कि अगर गूगल ने समाचार प्रकाशकों को भुगतान करने के संबंध में दो माह के भीतर प्रस्ताव पेश नहीं किया तो उस पर रोजाना नौ लाख यूरो (करीब आठ करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया जाएगा। हालांकि अमेरिका की इस दिग्गज कंपनी ने फैसले पर निराशा जाहिर करते हुए एक बयान में कहा ‘समाधान निकालने के लिए अच्छी नीयत के साथ बातचीत की जा रही है।
कुछ प्रशासकों के साथ समझौते के करीब भी हैं।’ प्राधिकरण ने इस वर्ष की शुरुआत में गूगल को आदेश दिया था कि वह समाचार प्रकाशकों के साथ तीन महीने के अंदर बातचीत शुरू करे। इस आदेश का उल्लंघन करने पर उस पर मंगलवार को यह जुर्माना लगाया गया।
जून में भी लगा था जुर्माना फ्रांसीसी प्राधिकरण ने गत जून में भी गूगल पर 26.8 करोड़ डालर (करीब 1,950 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया था। उस समय यह कार्रवाई आनलाइन विज्ञापन कारोबार में दबदबे वाला रवैया अपनाने को लेकर की गई थी
टेक कंपनियों पर बढ़ रहा दबाव गूगल और फेसबुक जैसी दिग्गज टेक कंपनियों पर इस बात को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बढ़ रहा है कि वे समाचार प्रकाशकों को भुगतान करें। प्रकाशकों को भुगतान को लेकर यूरोपीय यूनियन भी दबाव बना रही है।

