गृह मंत्री अमित शाह ने उल्फा से प्रारंभिक बातचीत करने के लिए मुझे अधिकृत किया है: हिमंत विश्व सरमा

नई दिल्ली : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें उग्रवादी समूह उल्फा से प्रारंभिक बातचीत करने के लिए अधिकृत किया है। दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात के बाद सरमा ने यह भी कहा कि वह एनएससीएन-आइएम के साथ जारी शांति प्रक्रिया में आंशिक रूप से शामिल हैं लेकिन नगा विद्रोही समूह के साथ आधिकारिक रूप से कोई बातचीत नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, उल्फा के साथ शांति वार्ता करने के मुद्दे पर मैंने गृह मंत्री से चर्चा की है। उन्होंने उल्फा से प्रारंभिक बातचीत शुरू करने के लिए मुझे अधिकृत किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर चीजें सही दिशा में आगे बढ़ती हैं तो केंद्र सरकार बाद के चरण में उल्फा के साथ शांति वार्ता में शामिल हो सकती है।

एनएससीएन-आइएम के साथ बातचीत में उनकी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर सरमा ने कहा कि वह आंशिक रूप से इसमें शामिल हैं लेकिन कभी आधिकारिक रूप से शांति वार्ता में शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा, एनईडीए के संयोजक के तौर पर मैंने (नगालैंड में) कुछ राजनीतिक दलों के साथ पहले बात की है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter