दतिया। मध्यप्रदेश शासन के गृह, जेल, संसदीय कार्य एवं विधि विधायी मंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्र ने ग्राम भवानीपुर में 5 लाख 33 हजार रूपये की लागत के विकास एवं निर्माण कार्यो का शिलान्यास कर 9 लाख 29 हजार की लागत के दो निर्माण एवं विकास कार्यो का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 44 लाख 38 हजार के विकास एवं निर्माण कार्यो की घोषणा भी की। डाॅ. मिश्र ने कार्यक्रम में शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत् 18 लाख 75 हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदाय की।
गृह मंत्री डाॅ मिश्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गो के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्गो के आर्थिक सामाजिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि भारत के संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं जगह-जगह हमारी सरकार द्वारा लगाई गई है। उन्होंने कहा कि डाॅ. अंबेडकर के सिद्धांतों को लोगों तक पहुंचाने एवं लोग उनके बारे में और अधिक जान सकें इसके लिए महू को तीर्थ स्थल के रूप में बनाया गया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने नागपुर, मुबंई एवं लंदन में जिन भवनों में रहकर शिक्षा अर्जित की उन्हें स्मारक के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि लाॅक डाउन के दौरान गरीब वर्ग के भाई-बहिन बहुत प्रभावित हुए इसके लिए उन्हें एक रूपये प्रति किलो गेहूं, चावल एवं नमक भी प्रदाय किया जा रहा है। कार्यक्रम के शुरू में गृह मंत्री ने कन्या पूजन किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बुद्यौलिया, रजनी पुष्पेन्द्र रावत, विनय यादव, डाॅ राजू त्यागी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
