घबराएं नहीं, मनोबल बनाए रखें, सभी जल्द स्वस्थ होंगेः मुख्यमंत्री, कोविड केयर सेंटर का लिया जायजा

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड केयर सेंटर बनाये जायेंगे, जहाँ मरीजों के लिये सभी व्यवस्थाएँ होंगी। मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को सीहोर जिले के बुधनी में एकलव्य आवासीय विद्यालय परिसर में 300 बेड के कोविड केयर सेंटर का जायजा लेने पहुँचे थे। संभागायुक्त श्री कवींद्र कियावत, आईजी, डीआईजी सहित श्री कार्तिकेय सिंह चौहान और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इस अत्याधुनिक कोविड केयर सेंटर को 300 बेड्स के साथ शीघ्र शुरू किया जायेगा। इसमें रेपिड रिस्पांस टीम द्वारा मरीजों को भर्ती करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस अस्थाई कोविड केयर अस्पताल के बनने से स्थानीय मरीजों को दूसरे शहर इलाज के लिये नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने एकलव्य आवासीय परिसर में बनाये जा रहे कोविड अस्पताल का मुआयना कर आईटीसी कंपनी के इंजीनियर और वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा की और ले-आउट के माध्यम से जानकारी प्राप्त की। आईटीसी के पदाधिकारियों ने बताया कि तीन फेस में इस अस्पताल को बनाया जायेगा। प्रथम चरण में 144 बेड 20 मई तक बनाये जायेंगे, जो ऑक्सीजन युक्त होंगे। इसके पश्चात द्वितीय और तृतीय फेस अगले 15 दिन में बनकर तैयार होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोविड अस्पताल का कार्य गुणवत्तापूर्ण और फायर सेफ्टी, पानी आदि सभी जरूरी व्यवस्थाएँ एवं बुनियादी सुविधाएँ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कोविड अस्पताल के समीप ही शौचालय बनाने के निर्देश भी दिये, जिससे भर्ती मरीजों को कोई परेशानी नहीं हो।

मुख्यमंत्री चौहान ने भर्ती मरीजों से की चर्चा

इससे पहले मुख्यमंत्री चौहान ने एकलव्य आवासीय परिसर में बने कोविड केयर सेंटर पहुँचकर भर्ती मरीजों से चर्चा भी की। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भर्ती किये गये मरीजों के उचित उपचार के लिये सभी चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ अन्य सुविधाएँ भी प्रदान की जायें। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिये कि कोविड सेंटर को अत्याधुनिक संसाधनों से परिपूर्ण किया जाये, जिससे इलाज के दौरान मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!