चक्क आगासौद बीना रिफायनरी में 5 मई से शुरू होगा 1000 बिस्तर का अस्थाई अस्पताल

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने ग्राम चक्क आगासौद (बीना रिफायनरी) में बनने वाले एक हजार बिस्तर के अस्थाई अस्पताल का स्थल निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 5 मई से अस्थायी कोविड-19 हास्पिटल शुरू कर दिया जाये। मंत्री  सिंह ने बीना रिफायनरी के इंड्रस्ट्रियल ऑक्सीजन निर्माण के प्लांट का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बीओआरएल की इंड्रस्ट्रियल ऑक्सीजन को मेडिकल ऑक्सीजन में परिवर्तित कर संक्रमित मरीजों के उपचार के लिये उपयोग में लाया जाएगा। 

 सिंह ने बैठक में अस्थाई कोविड अस्पताल के निर्माण कार्य एवं व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, पीडब्ल्यूडी, एमपीईबी, पीआईयू के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सक्रियता से इस दिशा में कार्य करें, जिससे समय-सीमा में ऑक्सीजन सप्लाई सहित समस्त व्यवस्थाओं को धरातल पर लाया जा सके। 

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री सिंह ने बताया कि अस्थाई अस्पताल में इंदौर के अरविंदो मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की मदद से उपचार किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अन्य जगह के डॉक्टरों को भी यहाँ तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, अस्पताल के लिए एम्बुलेंस, पैरामेडिकल स्टॉफ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भी आवश्यकता अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। अस्पताल में आक्सीजन प्लांट से पाइप लाइन के माध्यम से मरीजों को आक्सीजन उपलब्ध कराई जायेगी।

 मंत्री श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के सख्त निर्देश हैं कि अस्थाई अस्पताल को शीघ्र प्रारंभ किया जाए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को लगभग डेढ़ किलोमीटर की एप्रोच रोड बनाने, एमपीईबी के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने सब स्टेशन का प्रपोजल बनाकर कार्य शुरू करने एवं पेयजल सप्लाई सुचारू रूप से करने के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। 

अक्षय फाउंडेशन देगा भोजन

मंत्री सिंह ने बताया कि, अस्पताल में पोषणयुक्त भोजन अक्षय फाउंडेशन द्वारा दिया जाएगा । मंत्री  सिंह ने अस्थाई अस्पताल में कम्युनिकेशन सिस्टम को सुचारु रूप से चलानेके निर्देश बीएसएनएल प्रबंधक को दिये। इस दौरान सांसद  राजबहादुर सिंह, बीना विधायक  महेश राय, कुरवाई विधायक  हरी सप्रे, अन्य जन-प्रतिनिधि, सागर कलेक्टर दीपक सिंह, पुलिस अधीक्षक  अतुल सिंह एवं बीओआरएल के अधिकारी मौजूद थे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!