छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश के पिता को बेल : रायपुर कोर्ट के आदेश पर नंद कुमार जेल से रिहा

रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल को तीन दिन बाद जमानत मिल गई। शुक्रवार को सिविल जज जनक कुमार हिड़को की कोर्ट में उनके वकील गजेंद्र सोनकर ने जमानत याचिका लगाई थी। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। वे अब 21 सितंबर को कोर्ट में पेश होंगे।

बता दें कि नंदकुमार बघेल ने 30 अगस्त को लखनऊ में ब्राह्मण समाज को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद रायपुर सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने चार सितंबर को डीडीनगर थाने में उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई थी। इसके बाद नंदकुमार आगरा फिर दिल्ली चले गए थे।

रायपुर पुलिस सात सितंबर को उन्हें दिल्ली से गिरफ्तार कर लाई और कोर्ट में पेश किया गया था। यहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। नंदकुमार बघेल ने इस दौरान जमानत के लिए अर्जी नहीं लगाई थी।

कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकले : कोर्ट में दोनों वकीलों के बीच करीब 25 मिनट तक बहस हुई। इसके बाद फैसला सुनाया गया। शाम छह बजे कोर्ट में नंदकुमार बघेल की रिहाई के कागज पहुंचे और सात बजे वह जेल से बाहर निकले। इस दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा थी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter