जम्मू-कश्मीर में कब होंगे चुनाव? पीएम मोदी ने लालकिले से बताया पूरा रोडमैप

नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर को विधानसभा चुनाव के लिए बहुत लंबा इंतजार नहीं करना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका सीधा संदेश दे दिया है। लाल किले की प्राचीर से उन्होंने कहा कि वहां भविष्य में विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि जम्मू-कश्मीर के साथ पूर्वोत्तर सरकार की प्राथमिकता में है। बहुत जल्द पूर्वोत्तर के सभी राज्यों की राजधानी रेल से जुड़ेगी। पिछले महीने ही प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ संवाद किया था।

उसके बाद से ही चुनाव की चर्चा तेज हो गई थी। रविवार को प्रधानमंत्री इसे दोहराने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि परिसीमन आयोग का गठन हो चुका है और भविष्य में चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। पूर्वोत्तर को लेकर मोदी सरकार शुरुआत से ही सक्रिय रही है।

जाहिर तौर पर यह राजनीतिक रूप से भी अहम है और सुरक्षा के लिहाज से भी। इसका फर्क भी दिखा जब धीरे-धीरे पूरे पूर्वोत्तर में भाजपा और राजग की सरकारें आ गई। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति से परे सिर्फ विकास की बात की।

उन्होंने कहा कि यहां कनेक्टिविटी का नया इतिहास लिखा जा रहा है। यह जुड़ाव दिलों का भी है और इन्फ्रास्ट्रक्चर का भी है। सभी राज्यों की राजधानी को रेल से जोड़ने का काम पूरा होने वाला है।

एक्ट ईस्ट नीति के अनुसार पूर्वोत्तर का इलाका बांग्लादेश, म्यांमार और दक्षिण पूर्वी एशिया से भी जुड़ रहा है। इस पूरे क्षेत्र को पर्यटन, एडवेंचर स्पोर्ट्स, हर्बल मेडिसिन आदि में निखारना होगा। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter