श्रीनगर : नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में जल्द ही दो नए एयरपोर्ट टर्मिनल बनाए जाएंगे। इसके साथ ही श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जल्द अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा भी बहाल होगी। शुरुआत में शारजाह के लिए सीधी विमान सेवा होगी।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सड़क और हवाई संपर्क को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से जम्मू-कश्मीर में चलाए जा रहे जन पहुंच कार्यक्रम के तहत शनिवार को ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर पहुंचे नागरिक उड्डयन मंत्री सिंधिया ने बताया कि जल्द ही 25 हजार वर्ग मीटर में एक नया एयरपोर्ट टर्मिनल कश्मीर में बनाया जाएगा।
यह श्रीनगर एयरपोर्ट के साथ ही सटा होगा। इस पर 1500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी तरह जम्मू में 25 हजार वर्ग मीटर में 650 करोड़ की लागत से एक एयरपोर्ट टर्मिनल तैयार किया जाएगा। सिंधिया ने कहा कि श्रीनगर से शारजाह के लिए पहली सीधी अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा भी जल्द शुरू होगी।
हमारा प्रयास है कि अंतरराष्ट्रीय यात्री श्रीनगर सीधे आएं। यह न सिर्फ जम्मू-कश्मीर के लिए बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ा एतिहासिक कदम होगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्रीनगर एयरपोर्ट पर 15 करोड़ की लागत से तैयार नए कार्गाे टर्मिनल को पहली अक्टूबर से पूरी तरह क्रियाशील बनाया जाएगा।
जम्मू एयरपोर्ट का रनवे भी आठ हजार फुट तक बढ़ाया गया है और पहली अक्टूबर से किसी भी विमान सेवा पर लोड पैनल्टी नहीं होगी। रात्रिकालीन विमान सेवाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय और जम्मू कश्मीर प्रदेश प्रशासन श्रीनगर एयरपोर्ट पर सीएटी-2, आइएलएस प्रणाली की स्थापना के लिए रक्षा मंत्रालय से बातचीत करेगा। इस प्रणाली की स्थापना से रात के समय और खराब मौसम में विमान सेवाओं का आवागमन आसान होगा। खराब मौसम के कारण उड़ानें स्थगित नहीं होंगी।
विमान ईंधन पर एक प्रतिशत वैट घटनाने का आग्रह : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ अपनी बैठक का जिक्र करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि मैंने उपराज्यपाल से विमान ईंधन पर एक प्रतिशत वैट घटनाने का आग्रह किया है। इससे जम्मू-कश्मीर में और भी विमान कंपनियां अपनी सेवाएं शुरू करने के लिए उत्साहित होंगी।


