ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का करेंगे नेतृत्व , फोटो प्रदर्शनी का भी आयोजन

ग्वालियर : नागर विमानन और इस्पात मंत्री  ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया आजादी का अमृत महोत्सव और विभाजन की भयावह स्मृति दिवस के रूप में महारानी लक्ष्मी बाई की छतरी और सेंट्रल जेल, ग्वालियर में एक फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे तथा विभिन्न कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।

आजादी का अमृत महोत्सव (एकेएएम) केन्द्र सरकार और भारत की जनता को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनाने के उत्साह के साथ देश की आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाया जा रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ लोगों को तिरंगा घर लाने और भारत की आजादी के 75 वें वर्ष पर इसे फहराने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्‍य से आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में एक अभियान है। 

इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर नागर विमानन मंत्रालय 14 अगस्त को महारानी लक्ष्मी बाई की छतरी, ग्वालियर में एक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन और नेतृत्व नागर विमानन और इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान, वह महारानी लक्ष्मी बाई स्मारक पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) फहराएंगे, हमारे स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों/स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिवार के सदस्यों से मिलकर उनका अभिनंदन करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान  सिंधिया रेलवे हॉकी स्टेडियम, फूलबाग में मीडिया सेंटर तथा मुरार के जिला अस्पताल में विभिन्न उन्नयन कार्यों का भी उद्घाटन करेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!