नई दिल्ली। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया 2 से 5 मार्च तक स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में भारत की भागीदारी का नेतृत्व करेंगे। यह आयोजन विश्व के सबसे बड़े और प्रभावशाली प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार सम्मेलनों में शामिल है।
दौरे के दौरान संचार मंत्री एमडब्ल्यूसी 2026 में भारत पैवेलियन का उद्घाटन करेंगे, जहां देश की बढ़ती दूरसंचार निर्माण क्षमता और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदर्शित किया जाएगा।
साथ ही वे इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 की पूर्व-प्रस्तुति का अनावरण भी करेंगे, जिसमें भारत के प्रमुख डिजिटल प्रौद्योगिकी मंच की विशेषताओं को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
सिंधिया मुख्य मंच के सत्र ‘भविष्य के लिए निर्माण’ के दौरान जीएसएमए मंत्रिस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वे जीएसएमए मंत्रिस्तरीय मंच पर ‘लागत बाधा को तोड़ना’ विषय पर आयोजित सत्र में समापन भाषण देंगे, जिसमें किफायती, समावेशी और व्यापक डिजिटल कनेक्टिविटी मॉडल पर चर्चा होगी।
इसके अलावा संचार मंत्री वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ संवाद, उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकों और रणनीतिक उद्योग कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे भारतीय कंपनी तेजस नेटवर्क्स के टी31600-डी3 हाइपर स्केलेबल डीसीआई प्लेटफॉर्म के उद्घाटन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
एमडब्ल्यूसी 2026 में भारत की सक्रिय भागीदारी डिजिटल और मोबाइल पारिस्थितिकी तंत्र में देश की बढ़ती वैश्विक भूमिका को रेखांकित करेगी।
यह दौरा अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूत करने, निवेश आकर्षित करने और सुरक्षित व भविष्य के अनुरूप डिजिटल नेटवर्क के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस दौरे के दौरान ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया वैश्विक दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर भारत में निवेश, 5जी विस्तार, डिजिटल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग के अवसरों पर चर्चा करेंगे। साथ ही स्टार्टअप, विनिर्माण और अनुसंधान क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर भी जोर देंगे।


