ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला व दो बच्चों की गई जान : भाई के साथ ससुराल लौटते समय हुई घटना

Datia News : दतिया। गोराघाट थाना क्षेत्र में हाइवे पर रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला सहित दो मासूमों की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक द्वारा बाइक में टक्कर मारने के कारण यह हादसा घटित हुआ। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने सूचना पर मौके पर पहुंचकर मृतकों का पंचनामा तैयार कर घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ट्रक जप्त कर मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम देगुवांगूजर निवासी बलवीर प्रजापति अपनी बहिन अनीता प्रजापति और भांजा शिवराज व भांजी रोशनी को बाइक से लेकर चीनोर ससुराल छोड़ने जा रहा था।

तभी हाइवे पर गोराघाट के पास ओवर ब्रिज के नीचे ट्रक क्रमांक यूपी 63 एटी 1411 के चालक ने ट्रक को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए बाइक को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार महिला और उसके दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भाई बलवीर गंभीर रुप से घायल हो गया।

घटना की सूचना आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल बलवीर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी रेफर कर दिया। महिला एवं उसके दोनों बच्चों का पुलिस ने पीएम कराकर शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। वहीं ट्रक को जप्त कर पुलिस चालक की तलाश कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter