ट्विटर के अंतरिम शिकायत अधिकारी धर्मेंद्र चतुर ने दिया इस्तीफा, नए IT नियमों के तहत हुई थी नियुक्ति

नई दिल्ली : माइक्रो ब्लागिंग प्लेटफार्म ट्विटर के भारत में अंतरिम शिकायत अधिकारी धर्मेंद्र चतुर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। नए सूचना प्रौद्योगिकी (आइटी) नियमों के तहत अनिवार्य ट्विटर का अब देश में कोई शिकायत अधिकारी नहीं है। एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

ट्विटर ने इस घटनाक्रम पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है। धर्मेंद्र चतुर को हाल ही में ट्विटर ने भारत के लिए अंतरिम निवासी शिकायत अधिकारी नियुक्त किया था।

ट्विटर की वेबसाइट पर अब उनका नाम प्रदर्शित नहीं हो रहा है, जबकि इंफारमेशन टेक्नोलाजी (इंटरमीडिएरी गाइडलाइंस एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) रूल्स, 2021 के तहत यह अनिवार्य है। भारत में शिकायत अधिकारी के स्थान पर अब वहां कंपनी का नाम, अमेरिका का एक पता और ईमेल आइडी प्रदर्शित हो रही है।

वहीं, समाचार एजेंसी एएनआइ और आइएएनएस के मुताबिक, वहां अमेरिका में सैन फ्रांसिस्को निवासी जेरेमी कैसल का नाम प्रदर्शित हो रहा है।

चतुर का इस्तीफा ऐसे समय हुआ है जब नए इंटरनेट मीडिया नियमों को लेकर ट्विटर और भारत सरकार के बीच तनातनी चल रही है। सरकार ने देश के नए नियमों की जानबूझकर अवज्ञा करने और अनुपालन में विफल रहने के लिए ट्विटर को फटकार भी लगाई है।

नए नियम 25 मई से प्रभावी हुए हैं जिनके तहत इंटरनेट मीडिया कंपनियों को यूजर्स व पीड़ितों की शिकायतों का समाधान के लिए शिकायत निवारण तंत्र की स्थापना करना अनिवार्य है।

शिकायतों से निपटने के लिए 50 लाख से अधिक यूजर्स वाली सभी इंटरनेट मीडिया कंपनियों को शिकायत अधिकारी की नियुक्ति करनी होगी और उन अधिकारियों के नाम व संपर्क के विवरण साझा करने होंगे।

सभी बड़ी इंटरनेट मीडिया कंपनियों के लिए मुख्य शिकायत अधिकारी, एक नोडल संपर्क व्यक्ति और एक निवासी शिकायत अधिकारी की नियुक्ति करना अनिवार्य है। ये सभी भारतीय निवासी होने चाहिए। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter