डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान, कोरोना योद्धाओं को किया समर्पित

नई दिल्ली। वैश्विक महर्षि महेश योगी संगठन एवं विश्व के महर्षि विश्वविद्यालयों की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को प्रतिष्ठित सम्मान ‘अंतरराष्ट्रीय अजेय स्वर्ण पदक’ के लिए चुना गया है। सम्मान की घोषणा रविवार को दो दिवसीय वर्चुअल अधिवेशन में की गई। जिसमें दुनिया भर के 110 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

महर्षि संस्थाओं के वैश्विक अध्यक्ष डा. टोनी नाडर ने इसका एलान करते हुए कहा कि निशंक ने अपने उत्कृष्ट लेखन एवं अपने सामाजिक और राजनैतिक दायित्वों से वैश्विक स्तर पर मानवीय मूल्यों की स्थापना के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है।

यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें इस वर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। डा. नाडर ने आगे बताया कि निशंक ने नई शिक्षा नीति के माध्यम से भी सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों की स्थापना की दिशा में अद्वितीय काम किया है। वहीं निशंक ने अपने भाषण में इस विशिष्ट सम्मान के लिए आभार प्रकट किया और इसे उन सभी कोरोना योद्धाओं को समर्पित कर दिया जो अपनी जान हथेली पर रख कर संक्रमित मरीजों की जान बचाने में लगे हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter