तंत्र-मंत्र के चक्कर में तीन साल के मासूम को मार डाला, जंगल में गड्ढा खोदकर दबाया शव

आगरा : आगरा के पिनाहट के गांव जोधपुरा से लगे चंबल के बीहड़ में महिला और उसके साथी मासूम बालक की लाश गड्ढा खोदकर दफन कर गए। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। करीब तीन साल के बच्चे का शव लाल और सफेद कपड़े में लिपटा था।

गढ्डे के पास ही चाकू, फूल व अगरबत्ती मिले हैं। आशंका है कि तंत्र-मंत्र में मासूम की हत्या की गई है। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार शाम करीब चार बजे आटो में तीन युवक और महिला वहां पहुंचे।

आटो को सड़क किनारे खड़ाकर जंगल की ओर चले गए। करीब एक घंटे बाद सभी लौट गए। शाम को पशु चराकर लौट रहे कुछ युवकों ने एक टीले पर अगरबत्ती सुलगती देखी।

पास में ही मिट्टी से बंद किया गया गड्ढा था, फूल और चाकू भी पड़ा था। जानकारी पर ग्रामीण पहुंच गए। उन्होंने मामले को अपने स्तर से समझने का प्रयास किया। देर रात पुलिस को जानकारी दी।

एसपी ग्रामीण के.वेंकट अशोक समेत थाने का फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने मौके से बालक का शव और अन्य सामग्री बरामद कर ली। एसपी ग्रामीण ने बताया कि बालक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter